पंचकूला। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूती देने के उद्देश्य से देश के 28 राज्यों और 9 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए अपने नए प्रभारी और सह-प्रभारी की लिस्ट जारी कर दी है।
इस नई जिम्मेदारी में पार्टी की फायरब्रांड नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हरियाणा का नया बीजेपी प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ डॉ. भोला सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।




स्मृति ईरानी दिल्ली के एक मध्यमवर्गीय मल्होत्रा परिवार में जन्मीं। ईरानी ने अपनी पहचान बनाने के लिए एक लंबा और संघर्षपूर्ण सफर तय किया है।
राजनीति में आने से पहले उन्होंने एक सफल मॉडल और मशहूर टीवी एक्ट्रेस के रूप में अपार लोकप्रियता हासिल की। दूरदर्शन और स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिकों से घर-घर में पहचान बनाने वाली स्मृति बाद में भारतीय राजनीति का एक सशक्त चेहरा बनकर उभरीं।

वहीं हरियाणा के अब तक प्रभारी रहे डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। पूनिया अगस्त में पंजाब भाजपा के प्रभारी नियुक्त किए गए थे। वह पहले हरियाणा भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
इसी तरह हरियाणा से राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संजय भाटिया को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया है। भाटिया को अगस्त में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी। हरियाणा से राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा को तेलंगाना का सह प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा के इस संगठनात्मक फेरबदल में कई राज्यों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। पार्टी ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों वाले राज्यों को भी संगठनात्मक स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
