हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन वापसी का आज आखिरी दिन है। आखिरी समय में कांग्रेस और भाजपा ने अपने बागी नेताओं को मनाने के लिए जोर लगा रखा है। टिकट वितरण के बाद कांग्रेस के 36 और भाजपा के 33 बागियों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए नामांकन किया हुआ है।
सोमवार सुबह मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोनीपत में पूर्व मंत्री कविता जैन और उनके पति राजीव जैन को मना लिया है। जिसके बाद राजीव जैन ने नामांकन वापस ले लिया।
CM बोले:
सोनीपत में भारतीय जनता पार्टी के मजबूत सिपाही और समर्पित नेता राजीव जैन जी ने अपना नामांकन वापस लेकर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने का फैसला लिया है।

राजीव जैन जी और कविता जैन जी का ये फैसला न सिर्फ स्वागत योग्य है बल्कि पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।
पूर्ण बहुमत की तीसरी बार सरकार बनाने में सोनीपत का इस बार सबसे सराहनीय योगदान होगा।

इसके अलावा, पानीपत शहरी सीट से कांग्रेस की बागी रोहिता रेवड़ी को मनाने के लिए ग्रामीण सीट से भाजपा उम्मीदवार महिपाल ढांडा पहुंचे। उन्होंने रेवड़ी से नामांकन वापस लेकर भाजपा को समर्थन देने की बात कही।

यहां रोहिता रेवड़ी ने ढांडा को दोटूक जवाब दिया कि हम जीत रहे हैं, नामांकन वापस नहीं लेंगे।
करनाल जिले की इंद्री विधानसभा सीट से लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी (LSP) के उम्मीदवार पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। सैनी ने कहा कि समाज के लोगों के कहने पर यह फैसला लिया गया है।
रविवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी रामबिलास शर्मा को मनाने के लिए महेंद्रगढ़ पहुंचे। यहां सैनी ने रामबिलास से नाराजगी भुलाने की प्रार्थना की और चुनाव में सहयोग करने के लिए कहा।
CM बोले:

माननीय पंडित रामबिलास शर्मा जी हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रकाशस्तंभ हैं।उनका अनुकरणीय राजनीतिक आचरण एक मिसाल है और आपसे सदैव हमने राजनीतिक शिक्षा ली है।
आज श्री रामबिलास शर्मा जी से आत्मीय मुलाकात की और उनका आशीर्वाद ग्रहण किया।आपके आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।
आप जैसे समर्पित और अनुशासित नेताओं की तपस्या से ही भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी और प्रामाणिक राजनीतिक संगठन है।
