Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

BREAKING: हिसार के उकलाना में चुनावी हिंसा — BJP समर्थक पर नकाबपोशों का हमला, जवाबी फायरिंग में 1 की मौत, कई घायल

हिसार, हरियाणा। हिसार जिले के उकलाना मंडी क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है। देर रात भाजपा से जुड़े युवक प्रदीप सोनी पर 5-6 अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने हमला कर दिया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदीप सोनी देर रात एसबीआई बैंक के पास स्थित एक कन्फेक्शनरी दुकान पर सामान लेने गए थे। इसी दौरान एक वाहन में सवार होकर आए नकाबपोश युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले से बचने के दौरान प्रदीप सोनी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग की। फायरिंग के दौरान आदमपुर क्षेत्र के गांव भाना निवासी शुभम को गोली लग गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में अन्य कई लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रदीप सोनी भी इस हमले में घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। गौरतलब है कि 2 मई को उकलाना में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदीप सोनी ने स्वर्णकार समाज के साथ मिलकर भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया था और वह चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे।

Exit mobile version