Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में BJP ने चुनाव समिति की बैठक बुलाई:टिकटों पर मंथन होगा, पहली लिस्ट 26 अगस्त तक संभव; कई मंत्री-विधायकों के टिकट कटेंगे

हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही पार्टियों ने उम्मीदवारों को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। शेड्यूल के मुताबिक 5 सितंबर से नामांकन शुरू होंगे और 12 सितंबर को इसकी अंतिम तिथि है। इससे पहले पार्टियों को प्रत्याशियों की सूची जारी करनी होगी।

BJP की चुनाव समिति की पहली बैठक की डेट फाइनल हो गई है। पहली मीटिंग गुरुग्राम में 22 अगस्त से शुरू होगी। यह 23 अगस्त तक जारी रहेगी। इस मीटिंग में टिकटों पर मंथन होगा। मीटिंग में चर्चा के बाद संभावना है कि उम्मीदवारों की पहली लिस्ट 26 अगस्त के बाद आ सकती है।

इस मीटिंग में मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत, कृष्णपाल गुर्जर, सुधा यादव, ओमप्रकाश धनखड़, ज्ञानचंद गुप्ता, अनिल विज, रामबिलास शर्मा और जेपी दलाल शामिल होंगे।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक भाजपा पहले उन क्षेत्रों की लिस्ट जारी करेगी, जिन सीटों पर उन्हें जीत पक्की लग रही है। इसके अलावा दूसरी सूची अगस्त के अंतिम सप्ताह में जारी कर सकती है।

भाजपा पहली सूची में 20 से 25 विधानसभा के उम्मीदवार घोषित कर सकती है। रोहतक में इसको लेकर पार्टी नेताओं की बैठक हो चुकी है। नाम लगभग फाइनल हो चुके हैं।

भाजपा की सूची में कई विधायकों के टिकट कट सकती है। इसमें शहरी सीट के विधायक और मंत्री भी शामिल हैं। इनके नाम कटने के पीछे लोगों व कार्यकर्ताओं की नाराजगी को देखा जा रहा है। इन विधायकों और मंत्रियों की स्थिति आंतरिक सर्वे में बेहद खराब है। इनका जनता से कनेक्ट नहीं रहा। इसके अलावा भाजपा सोशल इंजीनियर के फार्मूला को लेकर ही आगे बढ़ेगी। स्थानीय चेहरों पर ही दाव खेला जाएगा।

Exit mobile version