Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में बाइक सवार परिवार को कार ने कुचला: युवक की मौत, पत्नी व बेटी घायल

रोहतक के सांपला में बीते दिन मोटरसाइकिल सवार एक परिवार को कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, वहीं उसकी पत्नी व बेटी को चोटें आई है। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपने परिवार के साथ घर से सांपला आ रहा था। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

दिल्ली के सुल्तानपुर निवासी सुरजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे 6 भाई हैं। उनके चौथे नंबर का भाई करीब 30 वर्षीय सुमित उर्फ सोमबीर है। जो अपने परिवार सहित सांपला में किराए पर रहता है। रात को सूचना मिली कि उसका भाई सुमित उर्फ सोमबीर, उसकी पत्नी चंदा व करीब 3 साल की बेटी मानवी अपने सोनीपत जिले के गांव भठगांव गढ़ी हकीकत गए हुए थे।

उन्होंने बताया कि तीनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव से वापस सांपला आ रहे थे। जब वे सांपला के रेलवे स्टेशन के नजदीक पहुंचे तो आगे से एक तेज गति में कार आ रही थी। जिसने ओवरटेक करते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस एक्सीडेंट में सुमित उर्फ सोमबीर, उसकी पत्नी चंदा व बेटी मानवी को गंभीर चोटें आई। घायलों को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने सुमित उर्फ सोमबीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य का उपचार चल रहा है।

उन्होंने बताया कि सुमित उर्फ सोमबीर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वहीं उसे 3 बच्चे (2 लड़की व एक लड़का) है। एक्सीडेंट के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। वहीं पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी। साथ ही शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version