झज्जर के गांव जहाजगढ़ में एक तेज गति से आ रहे ट्रक ने महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और ट्रक ड्राइवर पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। इससे पहले ग्रामीणों ने गांव जहाजगढ़ में रोड जाम भी किया।
पुलिस के जांच अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि मोखरा निवासी कृष्ण अपनी पत्नी सुदेश के साथ अपनी ससुराल सासरोली किसी निजी काम से गए हुए थे। वापस आते समय गांव जहाजगढ़ के सरकारी स्कूल के पास बच्चे सड़क से गुजर रहे थे तो उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल रोक कर एक साइड में खड़े हो। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कृष्ण की पत्नी सुदेश को टक्कर मार दी। ट्रक का पिछला पहिया सुदेश के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गांव जहाजगढ़ के ग्रामीणों ने ट्रक को रुकवा कर ड्राइवर को पकड़ लिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीण सड़क पर जाम लगा कर बैठ गए। एसडीएम बेरी रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम को खुलवाया। जांच अधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

