रोहतक स्थित MDU में मंगलवार काे गेट पर बाइक सवार युवकाें की और से मारी गई टक्कर से घायल सिक्याेरिटी गार्ड को 32 घंटे बाद भी होश नहीं आया है। दिल्ली बाईपास स्थित निजी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार सिक्योरिटी गार्ड 30 वर्षीय मनोज की हालत पर नजर बनाए हुए हैं। स्थिति चिंताजनक बनी होने के चलते स्वयं एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह और उनकी पत्नी डॉ. शरणजीत कौर ने भी अस्पताल में जाकर सिक्योरिटी गार्ड का हाल चाल जाना। उनके परिजनों का भी ढांढस बंधाया है।
यह हुई थी घटना
बता दें कि मंगलवार को MDU परिसर में हुड़दंगबाजी करते हुए 2 युवक तेज रफ्तार और गलत तरीके से बाइक चला रहे थे। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे एमडीयू के गेट नंबर 2 की तरफ भाग गए। जिसके चलते एमडीयू के सुरक्षा कर्मियों ने गेट नंबर 2 पर तैनात कर्मचारियों को बाइक रोकने का संदेश दिया। जिसके बाद मनोज गेट बंद करने लगा, ताकि मोटरसाइकिल सवारों को रोका जा सके। लेकिन, बाइक सवारों ने सीधी गेट को टक्कर मार दी। गेट से बाइक टकराने के कारण मनोज भी काफी दूर जा गिरा और घायल हो गया। घायल मनोज की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वहीं, सिक्योरिटी गार्ड मनोज का ईएसआई कार्ड न होने की भी चिंता परिजनों की ओर से जताई जा रही है।
