रोहतक के खरावड़ गांव निवासी राहुल ने हादसे की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि वे तीन भाई-बहन हैं। सबसे बड़ा रवि करीब 34 साल का है, उसके बाद राहुल और सबसे छोटी बहन रिंपी है। उसका भाई रवि और खुद राहुल अलग-अलग मोटरसाइकिल पर हनुमान मंदिर में अपने रिश्तेदारों को लेने जा रहे थे। उसका भाई आगे-आगे चल रहा था।
उसने बताया कि रात करीब 10 बजे जब वह पुलिस चौकी खरावड़ के दिल्ली रोड पर पहुंचा तो सामने से तेज रफ्तार कार आई। जिसने उसके भाई रवि को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से उसका भाई रवि सड़क पर गिर गया और उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। भीड़ का फायदा उठाकर स्कॉर्पियो चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
राहुल ने बताया कि वह अपने गांव वालों के साथ रवि को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई ले गया। जहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। उसने बताया कि रवि 3 बच्चों (2 बड़ी बेटियां व एक छोटा बेटा) का पिता है। वह मेहनत मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण करता था।
खरावड़ पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि मृतक रवि के भाई राहुल के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। वहीं स्कॉर्पियो कार चालक के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

