उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस समय लगातार जारी है। श्रद्धालुओं का जत्था लगातार चारधाम की यात्रा पर पहुंच रहा है और देशभर से भक्त अपनी धार्मिक कृत्य पूर्ण करने के लिए यहां आते हैं। इस बीच बद्रीनाथ धाम के कपाट बंदी को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है।
हर साल की तरह इस वर्ष भी बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि विजयदशमी के दिन घोषित की जाएगी। 2025 में विजयदशमी 2 अक्टूबर को मनाई जाएगी। बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारी और मुख्य पुजारी की मौजूदगी में कपाट बंद करने की तिथि का ऐलान किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा।
कपाट बंदी से जुड़े कार्यक्रम और मुहूर्त के तहत, मंदिर में कपाट बंद होने से पहले विशेष पंज पूजन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रमुख कार्यक्रमों में उद्धव और कुबेर जी के पांडुकेश्वर प्रस्थान, आदि गुरु शंकराचार्य की गाड़ी का प्रस्थान, और भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ की नरसिंह मंदिर ज्योर्तिमठ गाड़ी स्थल के लिए प्रस्थान शामिल हैं। बता दें की पंचांग गणना के बाद सभी कार्यक्रम और मुहूर्त निर्धारित किए जाएंगे।
बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने के दिन को चारधाम यात्रा की समाप्ति की घोषणा माना जाता है। इस दिन के बाद यात्रा धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ने लगती है। इसके साथ ही अगले साल 2026 की यात्रा के लिए भंडार सेवा हेतु पगड़ी भी दी जाएगी।

