यूपी के शाहजहांपुर से बड़ी वारदात सामने आई है। जहां कोर्ट में वकील भूपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।वह थाना सदर बाजार स्थित तीसरी मंजिल में बने ACJM ऑफिस गए थे। गोली मारने वाला मौके पर तमंचा छोड़कर आराम से वहां से चला गया। मृतक की पहचान थाना जलालाबाद के रहने वाले वकील भूपेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है।
सोमवार को यह वारदात करीब 11 बजकर 45 मिनट पर हुई।वकील भूपेंद्र सिंह (60) कोर्ट की तीसरी मंजिल में ACJM ऑफिस की ओर जा रहे थे, तभी किसी ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया। गोली सिर के पीछे के हिस्से में लगी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जिस वक्त वारदात हुई उस वक्त ऑफिस में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए काफी देर तक किसी को पता नहीं चल सका। बाद में एक क्लर्क वहां पहुंचा, तो भूपेंद्र सिंह को जमीन पर पड़े हुए थे और उनके सिर से खून निकल रहा था। सूचना मिलते ही SP एस आनंद, DM इंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अब कोर्ट के CCTV फुटेज खंगाल रही है।पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज से स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी बाहर का है या कोर्ट परिसर का ही है। उसका कितने दिनों से यहां आना जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है।फिलहाल मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद है।

