Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मूसेवाला हत्याकांड में बड़ा खुलासा- 2 शार्पशूटर बोलेरो में तेल भरवाते सीसीटीवी में कैद; फतेहाबाद के बाद अब हरियाणा के इस जिले से जुड़े तार

पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसे वाला की हत्या मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। मूसेवाले पर हमले में इस्तेमाल हुई बोलेरो गाड़ी में 2 युवक तेल भरवाते हुए सीसीटीवी में कैद हो चुके हैं और जिनकी पहचान सोनीपत निवासियों के रूप में हुई है। उनमें से एक हरियाणा के सोनीपत के गांव गढ़ी सिसाना का कुख्यात बदमाश प्रियव्रत फौजी है, जबकि दूसरा कुंडली में जांटी रोड स्थित गांव सेरसा का अंकित जाटी बताया जा रहा है।

पेट्रोल पंप पर बोलेरो गाड़ी से उतरते दिखे हरियाणा के ये कुख्यात गैंगस्टर

मूसेवाला मर्डर में इनका हाथ होने का शक है और पंजाब पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी को लेकर सोनीपत में दबिश दी है। मूसेवाला के हत्यारों की लिस्ट में स्थानीय बदमाशों का नाम आने के बाद सोनीपत पुलिस भी अलर्ट है। हालांकि पुलिस अभी पंजाब पुलिस से मिले किसी भी इनपुट को मीडिया से सांझा करने से बच रही है। एसपी हिमांशु गर्ग का कहना है कि बड़ी वारदात के बाद पुलिस संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाती है।

पंजाब के मानसा में 29 मई को हुई सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के तार अब फतेहाबाद से होते हुए सोनीपत तक जुड़ गए हैं। लॉरेंस गैंग से जुड़ा कुख्यात काला जठेड़ी भी सोनीपत का ही है और फिलहाल लॉरेंस के साथ दिल्ली की तिहाड़ जेल मे है। मूसेवाला हत्याकांड में शामिल रहे बदमाशों में सबसे पहले जो दो चेहरे सामने आए हैं, वे सोनीपत के प्रियव्रत फौजी और अंकित सेरसा के हैं। दोनों ही अपराध की दुनिया के जाने माने नाम हैं। गैंगस्टर काला जठेड़ी के साथ सोनीपत के ही राजू बसौदी और अक्षय पलड़ा लॉरेंस के गैंग में हैँ और फिलहाल जेल में हैं।

मूसेवाला की हत्या से पहले उसकी रैकी की गई थी। रैकी का आरोप बोलेरो गाड़ी में सवार बदमाशों पर ही है। हत्या के समय भी ये गाड़ी मौके पर थी और वहां सीसीटीवी में कैद भी हुई है। बोलेरो फतेहाबाद के गांव भिरड़ाना के पवन की बताई गई है और प्रियव्रत व अंकित इसी गाड़ी में सवार होकर हत्या से चार दिन पहले 25 मई को पंजाब के लिए रवाना हुए थे। जाते समय बीसला के पेट्रोल पंप पर गाड़ी में तेल डलवाया गया तो ये दोनों ही गाड़ी से बाहर आए थे और वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गए थे।

पंजाब पुलिस को कई दिन पहले से ही इनके बारे में इनपुट मिल गई थी। पंजाब पुलिस की एक टीम ने सोनीपत के गढ़ी सिसाना गांव में प्रियव्रत फौजी की गिरफ्तारी को लेकर दबिश भी दी है। हालांकि पुलिस को यहां से खाली हाथ लौटना पड़ा है। सोनीपत के एसपी हिमांशु गर्ग ने कुछ संदिग्धों को लेकर पंजाब पुलिस ने सोनीपत में दबिश दी है। ज्यादा जानकारी सोनीपत पुलिस के साथ सांझा नहीं की गई है। पंजाब पुलिस सहयोग मांगती है तो पूरी मदद की जाएगी। सभी कुख्यात गैंगस्टरों पर पुलिस की नजर रहती है।

Exit mobile version