नोएडा पुलिस ने रविवार 17 मार्च को यूट्यूबर एल्विश यादव को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस एल्विश को लेकर शाम करीब 4 बजे ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर कोर्ट पहुंची।इसके बाद कोर्ट ने (विशेष रिमांड मजिस्ट्रेट) ने उसको 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। कोर्ट का फैसला सुनने के बाद एल्विश काफी उदास हो गया। जब वह कोर्ट से बाहर निकला, तो उसके चेहरे पर उदासी साफ तौर पर दिख रही थी। एल्विश को पुलिस ग्रेटर नोएडा की लुक्सर जेल ले गई।
पेशी के दौरान एल्विश ने दिल्ली से एक वकील बुलाने की मांग की। उसने कोर्ट से 20 मिनट का समय भी मांगा। मगर, कोर्ट ने 10 मिनट ही दिए। दिल्ली से एल्विश का वकील भी नहीं पहुंचा, लेकिन उसके साथ एक वकील पहले से मौजूद था।
इससे पहले एल्विश से लंबी पूछताछ की गई थी। पिछले दिनों नोएडा में सांप के जहर सप्लाई करने वाले गिरोह के पर्दाफाश के दौरान एल्विश का नाम सामने आया था। एल्विश के खिलाफ नोएडा में केस दर्ज किया गया था।
इसके बाद ही थाना सेक्टर- 49 में एल्विश यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। एल्विश से नोएडा पुलिस कई बार पूछताछ भी कर चुकी है I आरोपियों में राहुल, टीटूनाथ, जयकरन, नारायण और रविनाथ शामिल हैं। पुलिस को राहुल के पास से 20 एमएल सांप का जहर मिला था। फॉरेंसिक जांच में पार्टी से जब्त किए गए नमूनों में कोबरा और करैत प्रजाति के सांपों के जहर का इस्तेमाल होने की बात सामने आई है। यूट्यूबर पर पार्टी में सांपों के जहर के इस्तेमाल करने का आरोप है।

