झारखंड के जामताड़ा में बुधवार की शाम करीब 7 बजे भीषण ट्रेन हादसा हुआ है। यहां ट्रेन की चपेट में आने से 2 लोगों की कट कर मौत हो गई है। वहीं 10 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। इसमें छह लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना जामताड़ा-करमाटांड़ रूट पर कलझारिया रेलवे हॉल्ट के पास की है। यह हावड़ा-नई दिल्ली मेन लाइन हैं। इस लाइन से गुजर रही आसनसोल-झाझा पैसेंजर ट्रेन ट्रेन रेल यात्रियों को काटते हुए निकल गई।
बताया जा रहा है कि करमाटांड और जामताड़ा के बीच कालाझरिया रेलवे हाल्ट पर भागलपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस ट्रेन रुकी हुई थी। ट्रेन में आग लगने की सूचना पर यात्री ट्रेन से उतरकर यात्री इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान आसनसोल-झाझा पैसेंजर ट्रेन आ गई, जिसकी चपेट में लोग आ गए।
सूचना मिल रही है कि हादसे में 12 लोगों की मौत हुई है। हालांकि इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद जामताड़ा एसडीओ आनंत कुमार, रेलवे प्रशासन, रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया।
हादसे के संबंध में पीआरओ बिपल्व बाउरी ने बताया कि अब तक दो लोगों की मौत की सूचना है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। घायलों की संख्या के बारे में हमारे पास अभी कोई सूचना नहीं है। डिटेल्स आने पर मीडिया से इस बारे में जानकारी शेयर किया जाएगा।
