रोहतक रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति का पैर कट गया। गनीमत रही कि वह पटरियों के बीच में फंस गया और उसकी जान बच गई। बताया गया है कि भीड़ के कारण ट्रेन में चढ़ते हुए है यह हादसा हुआ।
घायल की पहचान बिहार के मखेना सुपोल निवासी करीब 46 वर्षीय हरेराम सदा के रूप में हुई है। घायल की जेब से एक ट्रेन की टिकट भी मिली है। जो रोहतक से दरभंगा तक की कटवाई हुई थी। मंगलवार रात को रेलवे स्टेशन पर गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस में जाने वाले यात्रियों की काफी भीड़ थी।
हरेराम सदा रोहतक से बिहार जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर 1 पर गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस का इंतजार कर रहा था। जब ट्रेन आई तो उसमें चढ़ने के दौरान हरेराम सदा ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच में आ गया। जिसके कारण उसका पांव कट गया। गनीमत रही कि वह पटरियों के बीच में गिर गया और उसकी जान बच गई।
हादसे के बाद यात्री भी घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। वहीं मामले की सूचना मिलते ही GRP भी पहुंची। घायल हरेराम सदा को संभाला और उपचार के लिए रोहतक PGI में भर्ती करवाया गया। जहां पर डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।
