Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

प्रदेशभर की मंडियों का दौरा करेंगे Bhupinder Singh Hooda, सांपला से की शुरुआतएमएसपी खरीद के बजाय किसानों पर नई-नई शर्तें थोप रही है बीजेपी: हुड्डा

रोहतक, 7 अप्रैल। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेशभर की मंडियों का दौरा करने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र सांपला की मंडी से की है। हुड्डा ने यहां पहुंचकर किसानों, मजदूरों व आढ़तियों से मुलाकात की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि उन्हें लगातार प्रदेशभर के किसानों से मंडियों में फैली अव्यवस्थाओं की सूचना मिल रही है। क्योंकि बीजेपी सरकार गेहूं और सरसों की खरीद करने की बजाय किसानों पर रोज नई-नई शर्तें थोप रही है। पोर्टल रजिस्ट्रेशन, गेट पास, गारंटर, बायोमेट्रिक, ट्रेक्टर नंबर और वेरिफिकेशन जैसी शर्तों को पूरा करने में ही किसान उलझकर रह जाते हैं और उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है।

एक तरफ सरकार के अत्याचार और ऊपर से मौसम की मार, किसान बीच में पिसकर रह गए हैं। लगातार हो रही बेमौसमी बारिश के चलते किसानों की खड़ी फसल खराब हो गई है। ऐसे में सरकार को तुरंत स्पेशल गिरदावरी करवाकर उन्हें मुआवजा देना चाहिए। लेकिन ऐसा करने की बजाए सरकार में बैठे मंत्री बचकाने बयान दे रहे हैं कि बारिश की वजह से पैदावार बढ़ जाएगी। विपक्ष के सरकार से मांग है प्रति क्विंटल किसानों को बोनस दिया जाए।

साथ ही, नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि सरकार को मंडियों की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर, फालतू की शर्तों को हटाकर जल्द से जल्द फसलों की खरीद सुनिश्चित करनी चाहिए। सरकार तक किसानों की बात पहुंचाने के लिए वो खुद प्रदेशभर की मंडियों का दौरा करेंगे और किसानों की समस्याओं को सुनेंगे। इसका ऐलान करते हुए उन्होंने अपना शुरुआती कार्यक्रम जारी किया है। कार्यक्रम के तहत वह सांपला के बाद बुधवार को नारायणगढ़, साढ़ौरा, बराड़ा और अंबाला जाएंगे। वीरवार को हुड्डा पिपली और करनाल की अनाज मंडियों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

साथ ही उन्होंने कांग्रेस के तमाम विधायकों को भी निर्देश दिया हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की मंडियों में जाकर किसानों की आवाज उठाएं और सरकार व प्रशासन को सचेत करें।

Exit mobile version