पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार को रोहतक का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित एरिया का निरीक्षण करते हुए स्थिति का जायजा लिया। पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण कई गांवों में जलभराव की स्थिति है, जिसका जायजा लेने के लिए पूर्व CM खुद के हलके के गांवों में पहुंचे।
वे लगातार सरकार को घेरने में भी जुटे हुए हैं। इसके अलावा भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शहर में भी जलभराव वाले एरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उचित कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण बारिश के दिनों में यह हालत हो गए। सरकार समय रहते उचित प्रबंध करती तो ऐसा नहीं होता। अब सरकार के किसानों को मुआवजा देना चाहिए।
निर्धारित टूर प्रोग्राम के अनुसार, पूर्व CM हुड्डा ने जिले के 11 गांवों का दौरा करना है। निर्धारित टूर प्रोग्राम के अनुसार, वे किलोई हल्के के गांव मकड़ौली कलां, धामड़, बसंतपुर, ब्राह्मनवास, जसिया, गिलोड़, कान्ही, रिठाल, किलोई, रुड़की व मुंगान में जनसभाएं करेंगे। लोगों से मिलने के लिए प्रत्येक गांव में 30 मिनट (आधा घंटा) का समय निर्धारित किया है, ताकि लोगों से बातचीत कर पाएं।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा पिछले काफी समय से अलग-अलग जिलों में जलभराव और बाढ़ ग्रस्त एरिया का दौरा कर रहे हैं। वहां के लोगों से बातचीत करते हैं और स्थिति का जायजा लेते हैं। नुकसान की रिपोर्ट लेते हैं। इधर जलभराव के कारण किसानों को हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजे की भी मांग भी वे सरकार से कर चुके हैं।
