Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में भिवानी के व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत:ईंटों से भरे ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस

रोहतक के गांव लाहली के पास सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार व्यक्ति की ईंटों से भरे ट्रैक्टर ट्राली के साथ टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पाकर कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतक की पहचान भिवानी निवासी करीब 35 वर्षीय अमरदेव पुत्र रामेश्वर के रूप में हुई, बाइक पर भिवानी से रोहतक आ रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करते हुए ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही अमरदेव की मौत हो गई। हादसे के बारे में राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतक अमरदेव ने बाइक के हैंडल पर मोबाइल लगा रखा था, जिसमें वह लोकेशन देख रहा था। साथ ही मृतक के कानों पर इयरफोन भी लगे हुए थे। अनुमान है कि वह मोबाइल पर किसी लोकेशन को देखते हुए जा रहा था और ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के चक्कर में हादसे का शिकार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शी प्रवेश ने बताया कि वह कलानौर की तरफ से रोहतक आ रहा था। रास्ते में देखा कि एक बाइक सवार युवक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। बाइक सवार व्यक्ति ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहा था, उसी समय सामने से गाड़ी आ गई, जिसके कारण बाइक ट्राली के बीच में घुस गई। बाइक पर व्यक्ति ने मोबाइल लगा रखा और कानों में इयरफोन भी बता रहे हैं। व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक अमरदेव कमरे का काम करता था और रोजाना भिवानी से सांपला जाता था। आज वह भी सांपला के लिए ही निकला था, जो रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। मृतक के परिजनों को हादसे के बारे में जानकारी दे दी गई है। मृतक के जेब से मिले कागजों से ही उसकी पहचान हुई है।

कलानौर थाना के जांच अधिकारी एएसआई विनोद ने बताया कि लाहली गांव के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को डेड हाउस रखवा दिया है, जबकि मृतक के परिजनों को सूचना भेज दी है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर ही केस दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी।

Exit mobile version