हरियाणा के भिवानी में लेडी टीचर मर्डर मामले ने तूल पकड़ लिया है, मृतका के परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रहे हैं। इसी को लेकर आज उन्होंने एक बार फिर से दिल्ली पिलानी रोड पर जाम लगाया। इस दौरान सड़क पर बैठे ग्रामीणों ने खूब नारेबाजी की, साथ ही उन्होंने सड़क के बीच में अपनी बाइकें खड़ी कर ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया।
जाम की स्थिति बनी तो पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, पुलिस के सामने ही ग्रामीण नारेबाजी करने लगे और आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। हालांकि प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद करीब 1 घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
बता दें कि मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रोहतक PGI भेजा गया है। हालांकि परिजनों ने दोहरे पोस्टमॉर्टम के बाद भी मनीषा का शव नहीं लिया है। भाजपा, कांग्रेस, जेजेपी व इनेलो सहित अन्य दलों के नेता भी धरने में शामिल हो रहे हैं।
दिग्विजय चौटाला ने भिवानी के मनीषा हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जिम्मेदार ठहराया और पुलिस को फ्रीहैंड देकर हत्यारों को पकड़े जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश इस घटना से शर्मिंदा है और बेटी मनीषा को न्याय दिलाना हरियाणा की जनता की जिम्मेदारी है।
