Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महम नगर पालिका में भारती बनीं चेयरमैन: BJP-JJP समर्थित उम्मीदवार 278 वोट से जीतीं, निर्दलीय MLA कुंडू समर्थित क्रांति तीसरे स्थान पर

रोहतक जिले की महम नगरपालिका में मतगणना चल रही है। यह अध्यक्ष पद के लिए BJP-JJP समर्थित निर्दलीय कैंडिडेट भारती पंवार ने 278 वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 3296 वोट मिले। दूसरे नंबर पर निर्दलीय अमरजीत कौर रहीं जिन्हें 3018 वोट मिले। महम नगर पालिका में तीसरे नंबर पर क्रांति पूनिया रहीं। उन्हें महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू का समर्थन हासिल था।

महम नगरपालिका के 15 वार्डों में से वार्ड 4 में मोनिका ने सबसे अधिक 471 वोट से जीत दर्ज की। वार्ड-1 से कमल 12 वोटों से जीती। वार्ड-2 से मोनू जागड़ा ने 214 वोट, वार्ड-3 से रेनू ने 241 वोट, वार्ड-5 से अनिल ने 28 और वार्ड-6 से शैंकी गिरधर ने 271 वोटों से जीत दर्ज की।

इसी तरह वार्ड-7 से बसन्त कुमार गिरधर ने 263 वोटों, वार्ड-8 से विनोद कुमार ने 58, वार्ड-11 से चंचल चाबा ने 218 और वार्ड-9 से कौशल्या ने 38 वोटों से जीत दर्ज की।

इससे पहले महम में मतगणना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई। महम राजकीय महाविद्यालय में बुधवार सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई जो 11 बजे तक पूरी हो गई। महम नगरपालिका के 15 वार्डों के लिए 54 और प्रधान पद के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे। यहां प्रधान पद की बाजी BJP-JJP समर्थित निर्दलीय कैंडिडेट भारती पंवार के हाथ लगी।महम नगर पालिका में 19 जून को हुई वोटिंग में 16 हजार 716 मतदाताओं में से 12 हजार 954 मतदाताओं ने वोट डाला था।

इससे पहले जिलाधीश कैप्टन मनोज कुमार ने मतगणना होने तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए। इनमें महम के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी गौरव गुप्ता, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अजीत सिंह, तहसीलदार मदनलाल और रोहतक के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल शामिल रहे। महम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा को पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया।महम थाने के एसएचओ को भी यहां तैनात किया गया।

Exit mobile version