रोहतक, 18 सितंबर : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा भारतनेट परियोजना के माध्यम से सभी ग्राम पंचायतों को चरणबद्घ तरीके से ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाई जा रही है। अब तक जिला के 54 गांवों में 568 कनेक्शन जारी किये जा चुके है तथा परियोजना के तहत हर गांव में 10-10 कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।
सतबीर सिंह स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में भारत नेट परियोजना की वीडियो कॉन्फें्रस के उपरांत बीएसएनएल के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। वीडियो कॉन्फें्रस के माध्यम से मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने राज्य ब्रॉडबैंड कमेटी की बैठक में इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। वीडियो कॉन्फें्रस के उपरांत उपायुक्त सतबीर सिंह ने बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक अमित मलिक के साथ इस परियोजना की समीक्षा की तथा इसके तहत जिला की सभी ग्राम पंचायतों में ज्यादा से ज्यादा कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिये। परियोजना के तहत सरकारी संस्थानों में मुफ्त ब्रॉडबैंड कनेक्शन किये जा रहे है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि भारत नेट दुनिया की सबसे बड़ी ग्रामीण दूरसंचार परियोजनाओं में से एक है, जिसे देश की सभी ग्राम पंचायतों तक चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है, ताकि सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी तक बिना भेदभाव के पहुंच प्रदान की जा सके। इसका उद्देश्य मोबाइल ऑपरेटरों, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं, केबल टीवी ऑपरेटरों और कंटेंट प्रदाताओं जैसे एक्सेस प्रदाताओं को सक्षम बनाना है, ताकि वे ग्रामीण और दूरदराज भारत में ई-हेल्थ, ई-एजुकेशन और ई-गवर्नेंस जैसी विभिन्न सेवाएँ शुरू कर सकें।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि जनसेवा से संबंधित विभाग पाइप लाइन, फाइबर केबल इत्यादि की पोर्टल पर मैपिंग करवाये ताकि किसी अन्य जनसुविधा को उपलब्ध करवाते समय यह सेवाएं बाधित न हो। यदि संबंधित विभागों द्वारा उपरोक्त पाइप लाइन इत्यादि की मैपिंग करवाई जाती है तो खुदाई से पूर्व संबंधित विभागों को इसकी जानकारी प्राप्त हो जायेगी और यह सुविधाएं अवरूध नहीं होगी।
बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक अमित मलिक ने कहा कि बीएसएनएल की बीएनयू मॉडल के तहत निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनियां भी इसमें शामिल हो सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। सरकारी भवनों / कार्यालयों के अलावा स्पीड के हिसाब से भुगतान करके व्यक्तिगत ब्रॉडबैंड कनेक्शन भी लिये जा सकते है। बीएसएनएल द्वारा ब्रॉडबैंड की स्पीड के हिसाब से 450 रुपये 1500 रुपये के प्लान उपलब्ध करवाये जा रहे है। उपभोक्ता अपनी जरूरत अनुसार प्लान का चुनाव कर सकते है।
बैठक में नगराधीश शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अरूण कुमार, एचएसआईआईडीसी के वरिष्ठï प्रबंधक राजीव डागर, एटीपी वैशाली सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे
