Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भारत जोड़ो यात्रा : राहुल गांधी का BJP पर हमला, बोले- मीडिया हमारी नहीं सुनता

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जनता तक पहुंचने के लिए पार्टी के पास बचा एकमात्र विकल्प है क्योंकि अभिव्यक्ति के अन्य सभी मंच विपक्ष के लिए बंद कर दिए गए हैं। उनकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुक्रवार को तमिलनाडु के गुडालुर से कर्नाटक में यहां चामराजनगर पहुंची। गांधी ने यहां एक जनसभा में कहा, ‘‘लोकतंत्र में विभिन्न संस्थान हैं। मीडिया और संसद भी है लेकिन विपक्ष के लिए इन सभी को बंद कर दिया गया है और मीडिया हमारी नहीं सुनता है। पूरी तरह सरकार का नियंत्रण है। 

संसद में हमारे माइक बंद कर जाते हैं, विधानसभाओं को काम करने नहीं दिया जाता और विपक्ष को प्रताड़ित किया जाता है। ऐसी स्थिति में हमारे पास केवल ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का विकल्प बचा।” उन्होंने कहा कि देश में कोई ताकत इस यात्रा को नहीं रोक सकती क्योंकि यह ‘‘भारत की यात्रा” है। उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत की यात्रा है और भारत की आवाज को सुनने वाली यात्रा है जिसे कोई दबा नहीं सकता।” पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगले 21 दिनों के दौरान विभिन्न जिलों से गुजरने वाली इस यात्रा में ‘‘कर्नाटक का दर्द” सुना जाएगा।

Exit mobile version