Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Bhadurgarh News :युवक पर फायरिंग शार्ट की कॉलर को छूते हुए निकली गोली; शादी समारोह में जाते वक्त हुई वारदात

बहादुरगढ़ के गांव बुपनिया में शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक पर फायरिंग हो गई। हमलावरों ने उस पर 2 राउंड फायर किए। गनीमत यह रही कि गोली युवक की शर्ट की कॉलर को छूते हुए निकल गई। आसौदा थाना पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, झज्जर जिले के नया गांव का रहने वाला प्रमोद रविवार की रात अपने दोस्त गांव बुपनिया निवासी नवीन के भाई की शादी में शामिल होने आया था। नवीन के मकान के नजदीक ही उसने अपनी गाड़ी खड़ी की और फिर गांव के ही दोस्त साहिल, विकास, सचिन के साथ गली में आगे चल दिया।

प्रमोद के अनुसार, गली में गोयला कला निवासी जयपाल उर्फ जेपी, मोहित व गांव सराय औरंगाबाद निवासी साहिल सांगवान खड़े थे। इस दौरान जयपाल उर्फ जेपी ने प्रमोद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो आरोपी ने पिस्टल के बट से उस पर हमला कर दिया। उसके बाद आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।

प्रमोद ने बताया कि उसकी जयपाल उर्फ जेपी के साथ रंजिश चली आ रही है। फायरिंग के वक्त वह जान बचाने के लिए भागा तो गांव के ही एक स्कूल के पास आरोपियों ने फिर से उस पर फायर किया। यह गोली उसकी शर्ट की कॉलर को छूते हुए निकल गई।

प्रमोद ने बताया कि इसके बाद आरोपियों के दो अन्य साथी वहां आ गए और आरोपियों को ब्लैक कलर की फॉरच्यूनर कार में बैठाकर भाग गए। प्रमोद ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर आसौदा थाना पुलिस भी पहुंच गई। आसौदा थाना पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version