हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। काशापाट की ओर जा रही एक पिकअप गाड़ी ढंढोल के समीप अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मां-बेटे समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक अशोक जैन रोजाना की तरह दत्तनगर स्थित मिल्क प्लांट में दूध बेचकर वापस काशापाट लौट रहा था। उसके साथ पांच अन्य लोग भी वाहन में सवार थे। शाम करीब 4:30 बजे ढंढोल के समीप अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और पिकअप गहरी खाई में जा गिरी।हादसे में आशा कुमारी (42), उनके 10 वर्षीय पुत्र युगल, चालक अशोक जैन (32), अभिषेक सानी (23), लायक राम (56) और नितिन (23) की मौत हो गई। आशा कुमारी अपने बेटे के साथ अपने मायके काशा जा रही थीं।इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि हादसे के समय वाहन में बैठी महिला Facebook पर LIVE थी। वह अपने ननिहाल और आसपास के क्षेत्र को दिखा रही थी। बातचीत के दौरान ही अचानक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। LIVE वीडियो में यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देती है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार फौरी राहत राशि प्रदान की जाएगी।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर पर्याप्त क्रैश बैरियर लगाए गए होते तो शायद छह लोगों की जान बचाई जा सकती थी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
