बठिंडा साइबर थाना पुलिस ने फर्जी लोन ऐप के जरिए ठगी करने वाले एक स्टूडेंट को रोहतक से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी लोन ऐप के माध्यम से लोगों को शिकार बनाता था। वह पीड़ितों की तस्वीरों को एडिट कर उनके परिजनों और सहकर्मियों को भेजकर ब्लैकमेल करता था।

बठिंडा साइबर थाना इंचार्ज सुखवीर कौर ने बताया कि बठिंडा के एक व्यक्ति को भी इसी तरह का शिकार बनाया गया। आरोपी अभय कुमार प्रसाद (22) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना का रहने वाला है। वह कलकत्ता यूनिवर्सिटी से बी.कॉम कर रहा था और रोहतक में रहकर सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था।

आरोपी ने पीड़ित की फर्जी तस्वीरें बनाकर उसके रिश्तेदारों को भेज दीं। वह पीड़ित से हजारों रुपए ठग चुका था और ज्यादा पैसे ऐंठने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

पूछताछ में यह भी पता चलेगा कि आरोपी ने कितने और लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस गिरोह में कौन-कौन शामिल है। पंजाब पुलिस लगातार लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक कर रही है, फिर भी कई लोग इन धोखेबाजों का शिकार हो जाते हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!