Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बहादुरगढ़ सीनियर बैंक मैनेजर का फंदे से लटका मिला शव:रांची के बैंक ऑफ बड़ौदा में कार्यरत थी मृतका, परिजनों का आरोप- नशे का आदी पति करता था प्रताड़ित; हत्या का केस दर्ज

दिल्ली से सटे हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक बैंक की सीनियर मैनेजर की लाश फ्लैट में फंदे से लटकी हुई मिली। महिला झारखंड के रांची में कार्यरत थी, जबकि उनके पति झज्जर जिले के सर्व हरियाणा बैंक में कार्यरत है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है उनकी बेटी का पति नशे का आदी है और उसे प्रताड़ित करता था। पति ने ही उनकी बेटी की हत्या की है। जांच के बाद बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के रांची की एचईसी कॉलोनी निवासी शिल्पी सोनम रांची के ही अपर बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में सीनियर मैनेजर पद पर कार्यरत थी। जबकि उसका पति राकेश शर्मा रांची के ही मोहल्ला हेसाग हटिया का रहने वाला है और हरियाणा के झज्जर जिले में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में कार्यरत है। शिल्पी सोनम के भाई दीपक कुमार ने बताया कि जीजा की प्रताड़ना और नशे की लत से परेशान होकर उनकी बहन अपने ससुराल रांची में ही रह रही थी। जबकि राकेश शर्मा बहादुरगढ़ की ओमैक्स सोसायटी में फ्लैट लेकर रहता था। 4 सितंबर को उनकी बहन शिल्पी सोनम अपने दोनों बच्चों व राकेश की भतीजी के साथ बहादुरगढ़ आई थी। आरोप है कि यहां आने के बाद राकेश ने फिर से उसे प्रताड़ित किया। शुक्रवार की दोपहर को वह फ्लैट में फंदे पर झूलती हुई मिली। राकेश ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया तथा शव का पोस्टमार्टम कराया। सेक्टर-6 थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने शिल्पी सोनम के भाई दीपक कुमार की शिकायत पर आरोपी राकेश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

शिल्पी सोनम के भाई दीपक कुमार के अनुसार उसकी बहन की शादी 6 जून 2014 को राकेश शर्मा के साथ हुई थी। उस वक्त उनकी बहन बिहार के सीतामढ़ी व राकेश हरियाणा के सोनीपत में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में कार्यरत थे। बाद में शिल्पी सोनम ने भी अपना ट्रांसफर सोनीपत जिले के गन्नौर में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में करा लिया था। दोनों साथ में रहते थे। दीपक का आरोप है कि दोनों साथ रहने लगे तब पता चला कि राकेश नशे का आदी है। इसके अलावा भी बहुत से नशे करता है। उसकी बहन ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने शिल्पी को ही परेशान करना शुरू कर दिया। परेशान होकर शिल्पी वापस अपने ससुराल रांची लौट गई। इस बीच राकेश उससे मिलने के लिए रांची जाता था।

घर में आपत्तिजनक चीजें मिलने पर की थी मारपीट, बाद में फंदे से लटका मिला शव
दीपक ने बताया कि 4 सितंबर को त्योहार के चलते शिल्पी सोनम अपने दोनों बच्चों 8 माह की बच्ची व 5 साल के लड़के के साथ बहादुरगढ़ में अपने पति राकेश के पास आई थी। दीपक ने बताया कि इस दौरान राकेश के घर में काफी आपत्तिजनक चीजें मिलीं, जिसका उसकी बहन ने विरोध किया तो आरोपी ने उससे पीटा था। उसने अपनी बहन से बात की तो वह डरी-सहमी हुई थी। उसने शिल्पी सोनम को वापस रांची आने के लिए बोला था, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। दीपक का आरोप है कि उसने आत्महत्या नहीं, बल्कि राकेश ने उसे मारा है।

Exit mobile version