Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन- नगर निगम ने सख्ती के लिए 2 टीमों का किया गठन, लगेगा जुर्माना

रोहतक में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को लेकर नगर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। 1 जुलाई के बाद सिंगल यूज प्लास्टिक प्रयोग करने वालों पर प्रशासन सख्ती बरतेगा। इसको लेकर नगर निगम ने 2 टीमों का गठन किया है। जो सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों के चालान करेंगे।

सरकार ने 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने का फैसला लिया हुआ है। जिसके तहत प्रशासनिक अधिकारी पहले ही सभी से सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग नहीं करने का आह्वान कर चुके हैं। अगर इसके बाद भी कोई सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करेगा तो प्रशासन उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा।

हालांकि धरातल पर इसका अधिक असर नहीं दिख रहा। अभी भी धड़ल्ले से प्लास्टिक की थैलियां बिक रही हैं और इन्हें बिना किसी रोक-टोक के प्रयोग किया जा रहा है। सरकार एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्णतया रोक लगाने की तैयारी में हैं, लेकिन स्थिति काफी उल्टी दिख रही है। अभी तक सरकार के दावे हवाई नजर आ रहे हैं। हर रोज सैकड़ों लोग इन सिंगल यूज प्लास्टिक की थैलियों का प्रयोग कर रहे हैं।

नगर निगम रोहतक के मुख्य सफाई निरीक्षक सुंदर सिंह ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर एक जुलाई से प्रतिबंध है। अगर इसके बाद निगम एरिया में कोई सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करता है तो उसका चालान किया जाएगा। जिसके लिए दो टीमें गठित की हैं।

Exit mobile version