हरियाणा में शुक्रवार (18 जुलाई) को भी मौसम खराब रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने 10 जिलों में तेज बारिश के आसार जताए हैं। इनमें सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, फरीदाबाद और पलवल शामिल हैं।
इसके अलावा फतेहाबाद, जींद, रोहतक, झज्जर, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। वहीं, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत के भी कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। आज के बाद अगले 2 दिन मौसम साफ रहने के आसार हैं।
गुरुवार को भी भिवानी, महेंद्रगढ़, जींद, चरखी दादरी और नूंह में तेज बारिश हुई। जबकि, यमुनानगर में बूंदाबांदी हुई थी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया है कि मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा बीकानेर, ग्वालियर, प्रयागराज, डाल्टनगंज, दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इससे बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली मानसूनी हवाएं राज्य की तरफ लगातार आ रही हैं।
इससे राजस्थान के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने से हरियाणा राज्य में मानसून की सक्रियता 18 जुलाई तक रहेगी। इस दौरान राज्य का मौसम परिवर्तनशील रहने और ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे वातावरण में नमी की अधिकता बने रहने का अनुमान है
पंचकूला, यमुनानगर, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में बारिश की संभावना है। वहीं, फतेहाबाद, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और अंबाला में बूंदाबांदी हो सकती है।
