Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पूरे हरियाणा मे आज मौसम खराब, 5 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

हरियाणा में आज (शुक्रवार, 1 अगस्त) मौसम खराब रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने 5 जिलों में तेज बारिश के आसार जताए हैं। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। फतेहाबाद के जाखल में तो देर रात से ही लगातार बारिश हो रही है वहीं, महेंद्रगढ़ और जींद में अलसुबह से बूंदाबांदी जारी है।

वहीं, बाकी के 15 जिलों में भी मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। IMD ने अगले 4 दिनों तक प्रदेश भर में बारिश होने का अनुमान जताया है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, प्रदेश में 5 अगस्त तक मानसून एक्टिव रहेगा।

गुरुवार को भी हिसार, गुरुग्राम, पानीपत, फरीदाबाद और सोनीपत में तेज बारिश हुई। इससे गुरुग्राम में जगह-जगह जलभराव हुआ। सड़कों पर कारें डूब गईं, भैंसें तैरती नजर आईं। वहीं, हिसार में विधायक सावित्री जिंदल के घर में पानी घुस गया। घर के सामने भी 3 फुट तक पानी जमा हुआ।

IMD के अनुसार, 6 जिलों यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में बारिश का यलो अलर्ट है। इनके साथ सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं, अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, भिवानी, पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया है कि मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा श्रीगंगानगर, रोहतक, बांदा, रांची, डायमंड हार्बर से उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।

यह मानसून टर्फ रेखा उत्तर की तरफ बने रहने की संभावना है। इससे नमी वाली मानसूनी हवाएं बंगाल की खाड़ी से लगातार आने से हरियाणा में मानसून अगस्त के पहले सप्ताह में भी एक्टिव बना रहेगा। इससे राज्य के सभी क्षेत्रों में 5 अगस्त तक बारिश होने की संभावना है।

Exit mobile version