Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

125 क्विंटल आमों से सजा बाबा श्याम का दरबार, निर्जला एकादशी पर पहली बार दिखा अलौकिक स्वरूप

रोहतक | डिजिटल भूमि

निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर रोहतक के पीपल वाली स्थित प्राचीन खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं को बाबा श्याम का भव्य और अलौकिक स्वरूप देखने को मिला। इस वर्ष पहली बार मंदिर में करीब 125 क्विंटल आमों से बाबा श्याम का विशेष शृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

सुबह मंगला आरती से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। दिनभर बाबा श्याम के जयकारों के बीच भक्तों ने दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर से बाहर मुख्य सड़क तक दिखाई दीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर समिति और स्वयंसेवकों ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं।

मंदिर के गर्भगृह में बाबा श्याम का आमों से किया गया यह अनूठा शृंगार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। आमों के साथ विदेशी फूलों और रंग-बिरंगी सजावट ने बाबा के दिव्य स्वरूप को और भी मनमोहक बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत शृंगार के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

मंदिर में पूरे दिन भजन-कीर्तन और संकीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें महिला, पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं ने निर्जला एकादशी का व्रत रखकर बाबा श्याम से सुख, शांति और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। मंदिर के पुजारियों के अनुसार सच्चे मन से बाबा श्याम की आराधना करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित इस विशेष शृंगार और धार्मिक आयोजन ने श्रद्धालुओं के बीच गहरी आस्था और उत्साह का माहौल बना दिया। पूरे दिन मंदिर परिसर “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” के जयकारों से गूंजता रहा।

Exit mobile version