Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम में पूर्व पार्षद के भतीजे की हत्या: समोसा खाने के विवाद में मारी गोली, थाने से चंद कदम दूरी पर हुई वारदात; SHO सहित 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

हरियाणा के गुरुग्राम में आज मंगलवार को पूर्व पार्षद के भतीजे की गोली मार कर हत्या करने का मामला सामने आया हैI थाने से चंद कदम दूर हुई इस वारदात के बाद युवक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी और SHO को सस्पेंड करने की मांग को लेकर बवाल मचा दिया। जानकारी के अनुसार झज्जर चौक पर जाम लगा दिया, और पूरी मार्केट भी बंद करा दी।

सूचना पर पहुंचे एसीपी पटौदी सुखबीर के सामने भी मृतक युवक राकेश सैनी के चाचा व पूर्व पार्षद मुकेश मुर्कीवाला और अन्य परिजनों ने जमकर हंगामा किया। चेतावनी दी कि जब तक कार्रवाई नहीं होगा, बाजार नहीं खुलेगा। हंगामा बढ़ते देख एसीपी ने आला अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद एसीपी ने लोगों को समझाया कि फर्रुखनगर थाना एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि आधिकारिक आदेश इस बारे में जारी नहीं हुए है। उधर, पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि अभी लोगों को शांत कराना प्राथमिकता है और पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। पुलिस ने फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

गुरुग्राम के फर्रुखनगर निवासी मुकेश मुर्कीवाला के मुताबिक उसका भतीजा राकेश सैनी क्षेत्र में ही झज्जर चौक पर हलवाई की दुकान चलाता था। सोमवार की शाम राकेश की दुकान पर एक युवक समोसा खाने आया था। इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आसपास लोगों ने मौके पर पहुंच कर दोनों के बीच मामला सुलझा दिया था। आरोप है कि युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर गया था।

मुकेश मुर्कीवाला के मुताबिक युवक की ओर से दी गई धमकी के बारे में राकेश सैनी ने रात को ही थाने में कंप्लेंट दी थी। थाना दुकान से चंद कदम की दूरी पर ही है। पूरे मामले की जानकारी देकर सुरक्षा की गुहार लगाई गई थी। बताया गया था कि युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर गया है। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राकेश मंगलवार को अपनी दुकान पर बैठा था। दोपहर में करीब 12 बजे युवक आया और सीधा दुकान के अंदर घुस कर राकेश पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हमलावर वहां से भाग गया। अचानक हुई इस वारदात से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही एसीपी पटौदी सुखबीर और फर्रुखनगर थाना SHO संदीप मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने दुकान से भी साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान मुकेश मुर्कीवाला और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी और SHO को सस्पेंड करने की मांग की। एसीपी ने आश्वासन दिया, लेकिन भीड़ कार्रवाई करने पर बात पर अड़ी रही। भीड़ ने जाम लगाने के साथ-साथ बाजार भी बंद करा दिया।

मामला बढ़ता देख एसीपी पटौदी सुखबीर ने मामले की जानकारी आला पुलिस अधिकारियों को दी। वहां से निर्देश मिलने के बाद एसीपी ने लोगों को फर्रुखनगर थाना SHO संदीप, SI कुंदन, सरिता कुमारी ASI, संदीप HC को सस्पेंड करने की बात बताई। इसके बाद भीड़ कुछ शांत हुई। लोगों ने आरोपी की भी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। देर शाम तक इस मामले में परिवार की ओर से शिकायत देने की तैयारी की जा रही थी।

बताया जा रहा है कि हमलावर की पहचान इस्माइलपुर निवासी के रूप में हुई है, हालांकि उसका नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। घटनास्थल से खोल बरामद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोल और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

मुकेश मुर्कीवाला के मुताबिक उसका भतीजा राकेश सैनी उर्फ भोलू शादीशुदा था। उसके दो बच्चे हैं। इनमें एक लड़का और एक लड़की है, जिनकी उम्र ढाई और साढ़े तीन साल है। जवान बेटे की मौत से परिवार में गम का माहौल है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त से कार्रवाई की मांग की है।

एसीपी पटौदी सुखबीर का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश और बीती शाम के विवाद को हत्या का मुख्य कारण मान रही है, लेकिन अन्य संभावनाओं को भी खारिज नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उधर, डीसीपी मानेसर दीपक जावेरिया का कहना है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर सहन नहीं होगी। राकेश मर्डर केस में लापरवाही बरतने की बात सामने आई है।

Exit mobile version