Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में मौसी को तेजधार हथियार से काटा:डॉक्टरों को लगाने पड़े 200 टांके; 23 दिन पहले हुई थी पत्नी की मौत

हरियाणा के रोहतक में लाढोत रोड स्थित सूर्या नगर कॉलोनी में भांजे ने मौसी पर जानलेवा हमला कर दिया। वह उसको खाना देने के लिए गई थी। वह उस दौरान नशे में था और अपनी मौसी पर तेजधार हथियार से वार किए। महिला को परिवार के अन्य सदस्यों ने लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया। उसके जख्मों पर 200 से अधिक टांके लगाने पड़े हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी अनुसार सूर्या नगर कॉलोनी में रहने वाले सुखबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे छह भाई है। उसके छोटे भाई सतबीर और उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। सतबीर का लड़का मंजीत नशे का आदी है। मंजीत की पत्नी का 13 दिसंबर को बीमारी के कारण देहांत हो गया था। इसके बाद दोनों बच्चे अपनी बुआ के घर में रहते हैं।

उन्होंने कहा कि मंजीत मकान पर अकेला रहता है। जबकि उसके छोटे भाई की पत्नी शीला देवी (मंजीत की मौसी) ही उसे खाना देती है। 5 जनवरी को शीला देवी मंजीत को खाना देने के लिए गई थी। इसी दौरान मंजीत ने शीला पर दाव (तेजधार हथियार) से हमला कर दिया। इससे शीला के चेहरे और सिर व शरीर पर चोटें आई हैं।

सुखबीर सिंह ने बताया कि जब शीला की चीख-पुकार सुनी तो वह बचाव के लिए गया। तब मंजीत शीला पर तेजधार हथियार से हमला कर रहा था। जो बाद में छोड़कर वहां से भाग गया। वहीं घायल शीला को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि शीला को 200 से अधिक टांके आए हैं। जो अभी बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version