Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

चाची अंजली ने कबूला- हां मैंने ही मारा था जश को; चार्जर की वायर से घोंटा था जश का गला, बेड की अलमारी में छिपाया था शव

करनाल के गांव कलामपुरा निवासी 5 वर्षीय जश का शव देखने से ही पता चलता है कि उसकी चाची अंजली ने उसे कितनी बेरहमी से मारा था। जानकारी के लिए आपको बता दें कि अंजली ने पुलिस के सामने कबूल कर लिया है कि उसने ही जश को मारा है साथ ही उसने जश को कैसे मारा इसका खुलासा भी हो गया है, लेकिन मारने के पीछे का क्या कारण रहा और उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं, इसके बारे में उसने अभी उसने कुछ नहीं बताया है। यह उगलवाने के लिए उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने 5 दिन बाद ही सही, हत्यारोपी को खोज निकाला। यह चेहरा जश की चाची अंजली के रूप में सामने आया, जो जश के पिता के चाचा के लड़के विकास की पत्नी है। विकास की शिकायत पर इंद्री पुलिस थाना में जश के लापता होने का केस दर्ज हुआ है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मारने की पुष्टि के बाद हत्या की धारा को शामिल किया गया। अब विकास की उसी शिकायत पर उसकी ही पत्नी अंजली को जश की हत्या के आरोप में गिरफ्तार करके 3 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।सीआईए टू इंस्पेक्टर ने बताया कि अंजली ने पुलिस के सामने कबूला कि जश को उसने मारा है। जश उसके बेड पर उल्टा लेटकर मोबाइल गेम खेलने में मस्त था। इस दौरान उसने पीछे से उसकी गर्दन में मोबाइल चार्जिंग की वायर डाली और गला घोंट दिया। उसके सांस निकलने साथ-साथ कान व मुंह से खून भी निकला।

इसके बाद उसने जश के शव को बेड के अंदर रख दिया। कुछ समय तक बेड में रखने के बाद उसे एक बैग में डाला और मौका देखकर साथ लगते राजेश के मकान की छत पर रखकर आ गई। राजेश की पत्नी व मां ने जब छत पर जश का शव देखा तो उन्हाेंने अपनी छत से शव को पड़ोसियों के पशुओं की टीन पर धकेल दिया।

बता दें कि मां से पैसे लेकर खाने की चीज खरीदने निकला जश 5 अप्रैल की दोपहर को अचानक लापता हो गया था। उसको उठाने का शक एक बाबा पर जताया गया। बाबा का थैला काफी बड़ा था। सीसीटीवी की वीडियो से थैले के फुलाव, बाबा की रफ्तार को देखकर शक यकीन में बदल रहा था। शाम तक पुलिस ने बाबा को हिरासत में ले लिया। इंद्री पुलिस थाना में ले जाकर उससे पूछताछ की गई, लेकिन बाबा से जश का सुराग नहीं लगने ने परिजनों ने करनाल में नैशनल हाईवे पर जाम लगा दिया था।

डीएसपी विजय देशवाल ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और पुलिस की मदद करने के लिए ग्रामीणों को राजी किया। इसके बाद रात को ही पुलिस ने गांव कलामपुरा की नाकाबंदी करके हर घर की तलाशी ली। सिफ 8 से 10 घर ही बचे थे, जिनकी तलाश सुबह ली जानी थी और जब 6 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े 5 बजे कौशल्या अपने पशुओं को चारा डाल रही थी तो उसकी छत पर कुछ गिरने की आवाज आई। उसने छत पर कुछ गिरने के बारे में पूछा तो पड़ोसन ने बताया कि जश यहां पर पड़ा है और चिल्लाने लगी।

कौशल्या के घर के साथ जश के ताऊ राजेश का मकान लगता है। वहीं इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। एएसपी हिमांद्री कौशिक, फॉरेंसिंक टीम व अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनेां को सौंप दिया। उधर जश के चाचा ने अपने ताऊ के बेटे राजेश के परिवार के साथ खेत की जमीन को लेकर 3 महीने पहले के तकरार को बताया। वहीं शक के आधार पर राजेश के परिवार के सदस्यों को हिरासत में लिया, जिनसे पुलिस की पूछताछ जारी है।

गांव में हुई खौफनाक वारदात से ग्रामीण इतने स्तब्ध हैं कि पंचायत बिठाकर राजेश और उसके परिवार का बहिष्कार कर दिया। पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि राजेश के घर न कोई आएगा और न कोई जाएगा। उसके रिश्तेदारों के भी गांव में आने पर पाबंदी लगा दी गई है। चेतावनी दी गई है कि अगर किसी ने राजेश के परिवार को सहयोग करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ पंचायत कार्रवाई करेगी। करनाल के वकीलों ने भी पीड़ित परिवार का समर्थन किया है।

Exit mobile version