Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में दिनदहाड़े कार लूटने का प्रयास; बीजेपी नेता के कार्यालय के बाहर कार चालक को मारी गोली

बीते दिन रोहतक में 2 बदमाशों ने कार लूटने के प्रयास में कार चालक को गोली मार दी। आपको बता दें बदमाशों ने पहले लिफ्ट लेने के बहाने कार रुकवाई लेकिन जब कार चालक को शक हुआ और उसने लिफ्ट देने से मना कर दिया तो बदमाशों ने कार चालक पर गोली चला दी। गोली कार चला के कंधे में जा लगी।

घायल की पहचान बेरी निवासी करीब 22 वर्षीय सागर के रूप में हुई है। जो अपनी बुआ को छोड़ने के लिए रोहतक के सेक्टर-3 में आया था। जब वापस जाने लगा तो यह वारदात हो गई। गोली लगने से घायल को उपचार के लिए रोहतक पीजीआइ में भर्ती करवाया गया है। जहां पर उसका उपचार जारी है।

घायल सागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को वह अपनी बुआ को छोड़ने के लिए रोहतक के सेक्टर-3 में आया था। बुआ को उनके घर छोड़ने के बाद अपनी बोलेनो कार से वापस बेरी जा रहा था। इसी दौरान जब वह दिल्ली बाईपास चौक से पहले सेक्टर-1 के सामने भाजपा नेता सतीश नांदल के कार्यालय के पास पहुंचा तो दो युवक पैदल ही उसके पास आए।

उक्त दोनों युवकों ने लिफ्ट मांगी और कहा कुछ दूर आगे तक छोड़ देना। कार का शीशा थोड़ा नीचे था। शीशे के अंदर से युवक ने हाथ डालकर कार की चॉबी निकालने का भी प्रयास किया। लेकिन उसने तुरंत शीशा ऊपर किया तो आरोपी युवक ने उस पर फायर कर दिया। गोली उसके कंधे में जा लगी।

वहीं शोर सुनकर वहां पर भीड़ एकत्रित होने लगी तो युवक वहां से फरार हो गए। राहगीरों ने उसे संभाला और घायल अवस्था में उपचार के लिए रोहतक पीजीआइ में भर्ती करवाया गया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं पीजीआइ में घायल का उपचार किया जा रहा है।

अर्बन एस्टेट थाना पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह ने कहा कि घायल फिलहाल ठीक हैं। उसने लूट का प्रयास करने व फायरिंग करने की बात कही है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश कर रही है।

Exit mobile version