Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महिला पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने की कोशिश: बाल पकड़कर गली में घसीटा; शिकायत पर पहुंची थी डायल 112 की टीम

हरियाणा के नारनौल में आज शुक्रवार को महिला पुलिस कर्मचारियों को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। मिली जानकारी के अनुसार डायल 112 की टीम बिजली चोरी पकड़ने गई टीम की शिकायत पर धूप कॉलोनी में पहुंची थी। यहां महिलाओं ने महिला पुलिस कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए उनके बाल पकड़कर खींच दिए और गली में घसीटा। एक युवक घर से पेट्रोल की बोतल लाया और महिला पुलिस कर्मचारियों पर छिड़क दिया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने महिला पुलिस कर्मचारियों को बचाया। हमला करते हुए वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें कुछ महिलाएं महिला पुलिस कर्मचारी को धक्का दे रही हैं और उसके बाल पकड़कर खींच रही हैं बिजली निगम टीम की तरफ से मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।

जानकारी के मुताबिक बिजली निगम की टीम SDO मोहम्मद अजहरुद्दीन के नेतृत्व में बिजली चोरी की जांच करने के लिए धूप कॉलोनी में पहुंची थी। यहां टीम कॉलोनी में रहने वाले रतन नामक व्यक्ति के घर पर पहुंची। घर में मौजूद महिलाओं ने टीम को जांच के लिए घर में नहीं जाने दिया। गेट पर महिलाएं खड़ी हो गईं और टीम का विरोध करना शुरू कर दिया। टीम ने डायल 112 को कॉल कर बुला लिया। ERV गाड़ी में महिला पुलिस से असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) बिमला और कॉन्स्टेबल मीनाक्षी थीं।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम को बिजली निगम की टीम ने बताया कि वे बिजली चोरी की शिकायत पर यहां पहुंचे हैं। मगर, गेट पर महिलाएं खड़ी हुई हैं, वे उन्हें अंदर नहीं जाने दे रहीं। इस पर ASI बिमला ने वहां खड़ी महिलाओं से कहा कि उनको वे टीम को अंदर क्यों नहीं जाने दे रहीं? तब महिलाओं ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहां पर एक महिला ने महिला पुलिस कर्मचारी के बाल पकड़ लिए और खींच दिए।

इस पर लोगों ने बीच बचाव किया, मगर महिलाओं को कई देर तक नहीं छुड़वा पाए। आरोप है कि हंगामे के बीच रतन का बेटा राहुल घर से पेट्रोल की बोतल उठाकर ले आया। उसने पेट्रोल महिला पुलिस कर्मचारियों के ऊपर छिड़क दिया। इसके बाद पुलिस की गाड़ी पर भी पेट्रोल छिड़का। वहां लोगों ने बीच बचाव कर महिला पुलिस कर्मचारियों को छुड़ाया।

ASI बिमला के मुताबिक महिलाएं हमें अंदर जाने को कह रहीं थी। हमने उनसे कहा कि बिजली टीम को चोरी की जांच करनी है, इसलिए उन्हें अंदर जाने दिया जाए। इस पर महिलाओं ने हमला कर दिया। हमारी टीम ने उन्हें गाड़ी में बिठाने की कोशिश की तो उन्होंने महिला पुलिस कर्मचारियों के बाल पकड़ कर खींच दिए। फिलहाल पूरे मामलें की जांच जारी हैI

Exit mobile version