Sonipat News : हरियाणा के सोनीपत जिले में एक महिला सब इंस्पेक्टर के साथ छेड़छाड़ करने और दुष्कर्म करने के प्रयास का मामला सामने आया है। मामले में आरोपी सहकर्मी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। छापामारी करके आरोपी ASI को बुधवार की सुबह गिरफ्तार भी कर लिया गया है। मामले की जांच DSP को सौंपी गई है।
SP के आदेशों पर हुआ मुकदमा दर्ज
SP के आदेश पर पुलिस ने दुष्कर्म का प्रयास करने, जान से मारने की धमकी देने व SC-ST एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आरोपी को तत्काल निलंबित कर दिया गया। आरोपी को दुष्कर्म के प्रयास और SC-ST एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
काम सिखाने के बहाने पकड़ा हाथ, कहे जाति सूचक शब्द
महिला सब इंस्पेक्टर ने SP को शिकायत दी है। जिसमें बताया गया कि उसने ASI से केस की जांच करना सीखना शुरू किया था, लेकिन पुलिसकर्मी ने उसके साथ गलत हरकत की। ASI सतीश उस पर गलत नजर रखने लगा था। उसे एक दिन कमरे में अकेला पाकर उसने हाथ पकड़ लिया। उसने सतीश को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद अगले दिन एएसआई ने कार में बैठाकर बदसलूकी की।
जब महिला पुलिसकर्मी ने इसका विरोध किया तो जातिसूचक शब्द भी कहे। महिला सब इंस्पेक्टर ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि 29 अगस्त को थाने के एक कमरे में पुलिसकर्मी सतीश ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। वह रोज-रोज की छेड़छाड़ से परेशान हो चुकी थी, जिसके बाद उसने अपने पति को जानकारी दी। पति को जानकारी देने के बाद महिला सब इंस्पेक्टर ने एसपी को शिकायत दी है।

