रोहतक के गांव भाली आनंदपुर में पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने को लेकर करीब 12 लोग निर्माणाधीन मकान में घुस गए। जहां पर आरोपियों ने चाचा-भतीजे के निर्माणाधीन मकान की चारदिवारी तोड़ी और आग लगा दी। साथ ही दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
भाली आनंदपुर निवासी आजाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका गांव में लाल डोरे में पुश्तैनी प्लाट है। वहां वह एक कमरा बना रहा था। जिसकी चारदिवारी पूरी हो चुकी थी और चिनाई का काम चल रहा था। उनके साथ में लगते प्लाट में अनिल अपना मकान बना रहा था। अनिल के मकान की भी चारदिवारी निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है।
गांव के ही कुछ लोगों ने अपने 15-20 अन्य साथियों को बुला लिया। जिन्होंने दोनों के मकान की चारदिवारी जबरन गिरा दी। वहीं अनिल के मकान में रखी छत की कड़ियां और उपलों में आग लगा दी।
उन्होंने कहा कि आरोपी अपने हाथों में हथियार लेकर आए थे। जिन्होंने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किए। साथ ही दोनों को काफी नुकसान पहुंचा है। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने 4 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

