कैथल राजौंद खंड के सेरधा गांव में स्थित राजकीय स्कूल के एक अध्यापक ने चार से पांच युवकों पर हाथापाई करने का आरोप लगाया है। घटना मंगलवार दोपहर की है, जब कुछ युवक दस्तावेज सत्यापित करवाने के लिए स्कूल पहुंचे थे।
अध्यापक सुरेंद्र सिंह का कहना है कि दस्तावेज सत्यापित कराने आए युवक स्कूल परिसर में घूमने लगे, तो उन्हें कार्यालय में बैठने के लिए कहा गया। इस पर युवकों ने असहमति जताते हुए बहस की। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन स्कूल की छुट्टी के बाद जब सुरेंद्र सिंह परिसर से बाहर निकले, तो युवकों ने उनके साथ हाथापाई कर दी
हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन के जिला प्रधान राजीव मलिक ने कहा कि स्कूल में टीचर सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले कुछ समय से शिक्षकों पर हमले और हत्या की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे शिक्षक वर्ग में भय का माहौल है। राजौंद थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पीड़ित टीचर सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

