Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शास्त्री नगर मोहल्ले में बिजली चोरी पकड़ने पहुंचे कर्मचारियों पर हमला: सरकारी गाड़ी के शीशे भी तोड़े

हरियाणा में जींद जिले के नरवाना में मंगलवार सुबह शास्त्री नगर मोहल्ले में बिजली चोरी पकड़ने पहुंचे कर्मचारियों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। भीड़ ने बिजली महकमे की सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और कर्मचारियों को बंधक बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह कर्मचारियों को मोहल्ले से निकाला।

बिजली निगम अधिकारी को मंगलवार सुबह सूचना मिली कि शास्त्री नगर के जिस मकान में 25 अक्टूबर को बिजली चोरी पकड़ी गई थी, वहां फिर से कुछ लोग बिजली चोरी कर रहे हैं। ऐसे में बिजली निगम के फोरमैन अंग्रेज, असिस्टेंट फोरमैन जयपाल, असिस्टेंट लाइनमैन संदीप ने सुबह 5 बजे हेड कॉन्स्टेबल जगदीश व कॉन्स्टेबल अनिल के साथ मकान पर छापा मारा। इस दौरान कुछ लोगों ने बिजली निगम की टीम का विरोध किया और कर्मचारियों के साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी। भीड़ ने कर्मचारियों को मकान में बंधक बनाने का प्रयास भी किया। पुलिस कर्मचारियों ने किसी तरह बिजली निगम के तीनों कर्मचारियों को छुड़वाया तो लोगों ने उनकी सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ डाले।

बिजली निगम के एसडीओ भजन सिंह की ओर से नरवाना सिटी थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, शास्त्रीनगर में रहने वाले शिवा, भभूति, काला, टिंकू और विक्की ने बिजली निगम की टीम के साथ गाली-गलौज व हाथापाई की। सरकारी कर्मचारियों को जान से मारने की कोशिश की और पत्थर मारकर सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। आरोपियों ने मोहल्ले के लोगों को भी उकसाकर टीम को बंधक बनाने का प्रयास किया।

एसडीओ के अनुसार, बिजली निगम ने 25 अक्टूबर को ही शास्त्री नगर मोहल्ले के इस मकान में बिजली चोरी पकड़ी थी। 26 अक्टूबर की सुबह बिजली चोरी की शिकायत मिलने पर टीम ने वहां दोबारा दबिश दी। नरवाना सिटी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version