पानीपत के आजाद नगर में एक कमरे में घुसकर 7 दोस्तों पर 12 बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने युवकों पर चाकू, लाठी-डंडों, लोहे की रॉड से हमला किया और उनके कपड़ों की तलाशी। वारदात को अंजाम देने के बाद अज्ञात बदमाश वहां से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
वारदात के दौरान बीच-बचाव में आए युवक के पेट व सिर में चाकू मार दिया। जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे इलाज के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है। वहीं, पुलिस ने घायल युवकों की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ IPC की धारा 148, 149, 323, 324, 308, 452 व 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।8 मरला चौकी पुलिस को दी शिकायत में विशाल ने बताया कि वह गांव नरवल, जिला कैथल का रहने वाला है। 14 मई को वह अपने दोस्त विशाल, सुधीर, सचिन, अंकित व कमल के साथ अपने दोस्त मनोज व सावन के घर आजाद नगर पानीपत आए हुए थे।
जब वे सभी उनसे मिलकर वापस विकास नगर के लिए निकले तो कुछ ही दूरी पर करीब 10-12 युवक सामने से आते हुए दिखाई दिए। सभी लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, चाकू से लैस थे। उन्हें वहां देखकर सभी दोस्त वापस तेज कदमों से चल पड़े। उक्त आरोपी युवक उन्हें मारने की नीयत से उनके पीछे दौड़ने लगे।सभी दौड़कर अपने दोस्त के कमरे में वापस घुस गए। इसी बीच बाकी आरोपी भी वहां पहुंच गए। वे कमरे का दरवाजा तोड़कर भीतर घुस गए और उन जानलेवा हमला कर दिया। हमले में विशाल के दोनों हाथों पर चाकू से चोटें मारी।
दोस्त कमल के दाएं हाथ पर चाकू से व सिर पर जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से चोटें मार दी। बीच-बचाव में आए दोस्त सावन के पेट व कमरे में चाकू घुसा दिया। इसके अलावा बाकीदोस्तों पर भी लाठी-डंडों, रॉड से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके जेब की तलाशी ली और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

