पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला से स्कूल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 8 वर्षीय छात्र ने KG की 6 साल की बच्ची पर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोपी छात्र ने बच्ची को बेंच पर पटका, बाल पकड़कर घसीटा और ईंट से उसके सिर व चेहरे पर कई वार किए। करीब 1 मिनट 36 सेकेंड की यह पूरी घटना स्कूल के CCTV कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बच्ची रोजाना की तरह स्कूल गई थी। दोपहर 3 बजे छुट्टी होने के बाद जब ऑटो चालक उसे लेने पहुंचा तो बच्ची स्कूल में नहीं मिली। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले छात्र ने ही बच्ची के परिजनों को बताया कि वह ऊपर कमरे में पड़ी है।
कमरे में पहुंचने पर बच्ची खून से लथपथ हालत में मिली। बच्ची को पहले अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, बच्ची की हालत में अब कुछ सुधार है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
वायरल CCTV फुटेज में छात्र बच्ची को पकड़कर बेंच पर सिर के बल पटकता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिराता है और पैर से कई वार करता है। फिर कमरे में पड़ी ईंट उठाकर बच्ची के सिर और चेहरे पर बार-बार हमला करता है। बच्ची दर्द से रोती और बचने की कोशिश करती दिखाई देती है, लेकिन हमला लगातार जारी रहता है।
स्कूल प्रबंधन पर परिजनों ने उठाए सवाल
बच्ची के चाचा ने स्कूल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि स्कूल में स्टाफ की कमी के चलते दो-दो और तीन-तीन कक्षाओं के बच्चों को एक ही कमरे में बैठाया जाता था। घटना के समय पर्याप्त शिक्षक मौजूद नहीं थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बच्ची पर हमला हो रहा था तो किसी को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई और समय रहते उसे बचाया क्यों नहीं गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-20 थाना पुलिस स्कूल पहुंची। पुलिस स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही हमला करने वाले छात्र के माता-पिता से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी कम उम्र के बच्चे ने इस तरह का हमला किन परिस्थितियों में किया।
शिक्षा मंत्री ने बनाई जांच कमेटी
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यालय स्तर पर जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना का वीडियो देखना भी मुश्किल है। कमेटी से आज शाम या कल सुबह तक रिपोर्ट आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षकों की निगरानी और स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
