Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मासूम पर जुल्म: चोरी के शक में करंट लगाकर दी दर्दनाक यातना


हरियाणा के सोनीपत से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की एक इलेक्ट्रिशियन की दुकान पर एक नाबालिग बच्चे के साथ कथित तौर पर ऐसी मारपीट की गई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।

आरोप है कि बाइक की बैटरी उठाने के शक में दुकानदार ने पहले बच्चे को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा और फिर कथित तौर पर पंखे के कंडेनसर से उसके शरीर पर करंट लगाया। दर्द से तड़पता बच्चा बार-बार “मम्मी को बुला दो…” कहकर चीखता रहा। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद बच्चे की मां मौके पर पहुंची और उसे बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन आरोप है कि दुकानदार और उसके बेटे ने बच्चे के साथ मारपीट जारी रखी। वीडियो में कथित तौर पर दुकानदार का बेटा भी बच्चे को थप्पड़ मारते और दुकान के अंदर धक्का देते दिखाई देता है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि बच्चा अकेला नहीं था। मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ वह बैटरी उठाकर ले गया था, लेकिन दुकानदार के आते ही बाकी बच्चे भाग निकले और उनका बेटा पकड़ लिया गया। परिवार का कहना है कि यदि बच्चे से गलती हुई थी तो उन्हें बुलाया जा सकता था, लेकिन उसके साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया।

बच्चे के पिता ने आरोप लगाया कि उनके सामने ही बेटे के साथ मारपीट की गई और करंट लगाया गया। वहीं मां का कहना है कि इस घटना के बाद बच्चा इतना सहम गया है कि अब घर से बाहर निकलने से भी डर रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया और पीड़ित परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई। परिवार का कहना है कि दुकानदार ने माफी मांगी और बच्चे के इलाज का खर्च उठाने की बात कही, जिसके बाद समझौता हो गया।

Exit mobile version