Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में पत्नी का हाथ पकड़कर नहर में कूदा असंध का बड़ा राइस मिलर, तलाश जारी

हरियाणा के पानीपत से एक बेहद हैरान और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। सोमवार सुबह दिल्ली पैरेलल नहर के सिवाह पुल के पास असंध के एक नामचीन उद्योगपति ने अपनी पत्नी के साथ नहर में छलांग लगा दी। सुबह के वक्त नहर पटरी पर सैर कर रहे लोगों ने जब दोनों को पानी के तेज बहाव में डूबते देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए इसराना थाना प्रभारी भारी पुलिस बल और गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल दोनों का सुराग नहीं लग पाया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, लापता कारोबारी की पहचान असंध निवासी मुरारी लाल गोयल (60) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सुबह जब बच्चे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए उठे, तो उन्होंने देखा कि न तो माता-पिता घर पर हैं और न ही उनकी स्कूटी खड़ी है। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने तुरंत उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच पानीपत पुलिस के जरिए सूचना मिली कि मुरारी लाल की स्कूटी सिवाह नहर पुल के पास लावारिस हालत में खड़ी है, जिसके बाद पूरा परिवार बदहवास हालत में मौके पर पहुंचा।

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग दंपती स्कूटी पर सवार होकर बेहद सामान्य तरीके से नहर किनारे पहुंचे थे। वहां मौजूद लोगों को लगा कि शायद वे रोज की तरह घूमने आए हैं या फिर नहर में नहाने के इरादे से उतरे हैं। दोनों ने बकायदा अपनी स्कूटी को स्टैंड पर लगाया, अपनी चप्पलें और पर्स वहीं स्कूटी पर छोड़े और देखते ही देखते गहरे पानी की तरफ बढ़ गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों पलक झपकते ही आंखों से ओझल हो गए। मुरारी लाल गोयल इलाके के बड़े रईसों में शुमार हैं, जिनकी आढ़त की दुकान और राइस मिल के अलावा एक बड़ी फैक्ट्री भी है।

इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजहों को लेकर रहस्य गहरा गया है। मौके पर पहुंचे बच्चों ने रोते हुए पुलिस को बताया कि घर में किसी भी तरह का कोई मनमुटाव या विवाद नहीं था। व्यापार भी बहुत शानदार चल रहा था और पिता पर किसी तरह का कोई कर्ज या मानसिक तनाव नहीं था। इसराना थाना प्रभारी हरिराम ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह खुदकुशी का मामला लग रहा है, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस फिलहाल परिजनों के बयानों के आधार पर हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।

Exit mobile version