Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत नहर में असंध के कारोबारी का शव मिला:पूजा सामग्री प्रवाहित करने निकले थे, पत्नी की लाश पहले ही बरामद हुई थी

हरियाणा के पानीपत में नहर में कूदे असंध के कारोबारी मुरारी लाल गोयल का शव तीसरे दिन बुधवार को सोनीपत के मोई गांव स्थित नहर से बरामद हुआ। शव को वहां से पानीपत सिविल अस्पताल लाया गया। जहां शव का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवाया गया। परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।

मुरारी लाल, सोमवार की सुबह अपनी पत्नी के साथ सिवाह नहर में गिर गए थे। दोनों असंध स्थित अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर नहर किनारे पहुंचे थे। दोनों को नहर में डूबता देख राहगीरों ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इसराना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पहुंचे।

गोताखोरों की मदद से नहर में तलाशी अभियान चलाया गया। कुछ देर बाद महिला का शव 20 किमी दूर सोनीपत की खूबडू झाल से मिला। उधर, कारोबारी के भाई ने बताया कि सुबह जब मुरारी लाल के बच्चे मॉर्निंग वॉक के लिए उठे तो उन्होंने देखा कि घर में स्कूटी नहीं खड़ी। इसके बाद घर में मम्मी-पापा भी नहीं मिले। तब उन दोनों की तलाश शुरू की तो कुछ देर बाद सूचना मिली कि उनकी स्कूटी पानीपत में नहर किनारे खड़ी है।

असंध निवासी मुरारी लाल गोयल (60) राइस मिलर हैं। उनकी आढ़त की दुकान और एक फैक्ट्री भी है। बेटा गौरव साथ में बिजनेस संभालता है। सोमवार को मुरारी लाल अपनी पत्नी कमलेश (56) के साथ स्कूटी पर सवार होकर सिवाह नहर पुल के पास पहुंचे थे।

परिजन असंध निवासी शशिपाल ने बताया था कि सोमवार की सुबह उनकी माता कमलेश और पिता मुरारी लाल घर से पूजा-अर्चना के लिए निकले थे। सिवाह नहर पर कमलेश पूजा की सामग्री और नारियल प्रवाहित कर रही थी, तभी उनका पैर फिसल गया और वह नहर में गिरकर डूबने लगी। पत्नी को डूबता देख मुरारी लाल ने भी बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी। दोनों की चप्पलें स्कूटी पर ही रखी मिलीं।

इसराना थाना प्रभारी हरिराम ने बताया कि पूरे दिन मामले की जांच की गई। शुरुआत में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन जांच और पूछताछ में सामने आया कि यह हादसा है। नहर में पूजा सामग्री प्रवाहित करते समय महिला का संतुलन बिगड़ा और दोनों पानी में डूब गए।

Exit mobile version