जॉर्डन में आयोजित अंडर 17 एशियन चैंपियनशिप में रोहतक की दो महिला पहलवानों ने 2 स्वर्ण पदक जीते हैं। दोनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोहतक के चौधरी छोटू राम स्टेडियम में अभ्यास करने वाली अपनी साथी महिला पहलवानों को हराया।
चौधरी छोटू राम स्टेडियम के कुश्ती कोच मंदीप ने बताया कि जॉर्डन में एशियन चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 22 जून से होगी और यह 30 जून तक चलेगी। एशियन चैंपियनशिप में पहले अंडर 17 और फिर अंडर 23 के मुकाबले होंगे। अंडर-17 कुश्ती एशियन चैंपियनशिप में गांव रिठाल निवासी दीपांशी और गांव अस्थल बोहर निवासी मुस्कान ने हिस्सा लिया। दोनों खिलाड़ियों ने चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीते।
कोच मंदीप के मुताबिक दोनों खिलाड़ी स्टेडियम में कड़ी मेहनत कर घंटों पसीना बहाते हैं। पदक जीतने पर पहलवानों के परिवारों और स्टेडियम में खुशी का माहौल है। इससे अन्य पहलवानों को भी प्रेरणा मिलती है। पहलवान दीपांशी ने 46 किलोग्राम भार वर्ग और पहलवान मुस्कान ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लिया। दोनों पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। पदक जीतने के बाद दोनों पहलवान मंगलवार को घर लौटेंगे।

