Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अमेरिका में दोस्त को बचाने 1645 फीट गहरी झील में कूदा अर्शदीप…डूबने से मौत, 45 लाख रूपये खर्च करके गया था अमेरिका


हरियाणा के करनाल के 24 वर्षीय युवक अर्शदीप की अमेरिका की प्रसिद्ध टाहो झील में डूबने से मौत हो गई। अर्शदीप अपने दोस्तों के साथ झील में नहाने गया था। इसी दौरान उसका एक साथी पानी में डूबने लगा। दोस्त को बचाने के लिए अर्शदीप ने बिना देर किए झील में छलांग लगा दी। उसने दोस्त की जान बचा ली, लेकिन खुद गहरे पानी में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका।

परिजनों के अनुसार, अर्शदीप साल 2023 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। उसे विदेश भेजने के लिए परिवार ने करीब 45 लाख रुपए खर्च किए थे और इसके लिए कर्ज भी लिया था। वह अमेरिका के फ्रेस्नो शहर में अपनी बुआ-फूफा के पास रहकर एक स्टोर में काम करता था।

दो दोस्तों को बचाया, खुद नहीं बच पाया

अर्शदीप के छोटे भाई शरणदीप ने बताया कि अर्शदीप अपने 4-5 दोस्तों के साथ टाहो झील घूमने गया था। वहां दो दोस्त डूबने लगे। अर्शदीप ने पहले एक दोस्त को और फिर दूसरे को भी सुरक्षित बाहर निकाल दिया। लेकिन खुद गहरे पानी में फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता का पहले ही हो चुका है निधन

परिवार ने बताया कि दो साल पहले अर्शदीप के पिता प्रगट सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी। अब परिवार में मां और एक विवाहित बहन हैं। अर्शदीप ही परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसका सपना था कि विदेश में मेहनत कर कर्ज उतारे और परिवार की जिंदगी बेहतर बनाए, लेकिन एक पल में सब खत्म हो गया।

सरकार से लगाई मदद की गुहार

फिलहाल अर्शदीप का शव अमेरिका में मोर्चरी में रखा गया है। परिवार ने केंद्र और हरियाणा सरकार से अपील की है कि जल्द से जल्द शव को भारत लाने में मदद की जाए। परिजनों का कहना है कि वे पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और अब इस दुखद हादसे ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है।

Exit mobile version