Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हिसार में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में 5 दिन बाद भी नहीं हुई आरोपी की गिरफ्तारी; गुस्साए परिजनों ने किया रोड जाम

हरियाणा के हिसार जिला निवासी 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस पांच दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। इससे गुस्साए परिजनों ने रविवार दोपहर करीब एक बजे से तीन बजे तक आजाद नगर थाने के बाहर राजगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर डीएसपी जोगेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर रास्ता खुलवाया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।  

पीड़िता की मां के अनुसार, वह मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गई हुई थी। मौका पाकर पड़ोसी कुलदीप ने उनकी 12 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी ने बच्ची को उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस कारण से बच्ची ने अपने परिजनों को इस बारे में कुछ नहीं बताया। इसके बाद बच्ची के पेट में दर्द रहने लगा। बच्ची की मां उसे एक डॉक्टर के पास लेकर गई, जहां डॉक्टर ने बच्ची के साथ गलत काम होने की बात कही। इसके बाद बच्ची की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। घटना को 5 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कार्रवाई नहीं होने से गुस्साए परिजनों ने आजाद नगर थाने के आगे राजगढ़ रोड को जाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। अभी तक न तो बच्ची के बयान दर्ज किए गए हैं और न ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उल्टा पुलिस के अफसर उनको ही धमका रहे हैं। डीएसपी जोगेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का आश्ववासन देते हुए जाम खुलवाया। डीएसपी जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिलते ही केस दर्ज कर लिया गया था। पुलिस की तीन टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, लेकिन आरोपी अभी फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

केस के बारे में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर सरोज ने बताया कि 19 जनवरी को केस दर्ज किया गया था। 20 जनवरी को बच्ची का अग्रोहा में मेडिकल करवाया गया था। इसके साथ ही उसने खुद ने व बच्ची का कोरोना टेस्ट कराया था, जिसमें दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिस कारण से बयान दर्ज नहीं हो पाए थे। कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद बच्ची के 164 के तहत बयान दर्ज करवाए गए थे। पुलिस तीन बार आरोपी कुलदीप के घर जा चुकी है, लेकिन वह फरार है।

Exit mobile version