अग्निपथ योजना को लेकर सेना की ओर से खुली भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। सेना की इस भर्ती में जिला रोहतक, झज्जर, सोनीपत व पानीपत के युवाओं को मौका मिलेगा। भर्ती रैली में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को एक से 30 अगस्त तक आनलाइन आवेदन करना होगा। सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती रैली संयोजक कर्नल आनंद साकले ने बताया कि सेना भर्ती कार्यालय द्वारा 28 नवंबर से 11 दिसंबर 2022 तक अग्निपथ योजना के तहत राजीव गांधी खेल परिसर में सेना की खुली भर्ती का आयोजन होगा।

रोहतक सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती रैली संयोजक कर्नल आनंद साकले ने शुक्रवार को बताया कि भर्ती के इच्छुक उम्मीदवारों को सेना की वेबसाइट- www.joinindianarmy.nic.in पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आगामी 30 अगस्त के बाद बंद कर दी जाएगी। ऐसे युवा जिनका जन्म 1 अक्तूबर 1999 से 1 अप्रैल 2005 के बीच हुआ है और उन्होंने दसवीं या बारहवीं की कक्षा उत्तीर्ण की है, वे युवा अग्निपथ योजना के तहत सेना में खुली भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं।

कर्नल आनंद साकले ने बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर लिपिक व स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेडमैन दसवीं पास व अग्निवीर ट्रेडमैन आठवीं पास के पद सेना भर्ती के लिए हैं। सेना भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता व आयु सीमा की योग्यता पूरी करने वाले उम्मीदवार इस योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय उम्मीदवार को अपना निजी मोबाइल नम्बर दर्ज करके सब्मिट का बटन दबाना होगा।

कर्नल आनंद साकले ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से पहले अधिसूचना को अच्छी तरह से पढ़ें और अग्निपथ भर्ती प्रक्रिया को अच्छी तरह से समझें। अग्निवीर सेना भर्ती रैली की प्रक्रिया पूरी तरह से निशुल्क है तथा उम्मीदवार को इसके लिए किसी संस्था या कोचिंग सेंटर से जुड़ने की आवश्यकता नहीं है।

सेना भर्ती से पूर्व किसी भी प्रकार का कोई ट्रायल भी नहीं करवाती। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे भर्ती संबंधित किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दें तथा भर्ती के दौरान दलालों से सावधान रहें।

किसी उम्मीदवार को सेना भर्ती रैली के लिए फार्म भरने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे सेना की वेबसाइट पर सम्पर्क कर सकते हैं तथा इसके अलावा स्थानीय सेना भर्ती कार्यालय में भी निजी तौर पर सम्पर्क कर सकते हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!