Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सरकार की नीतियों के खिलाफ आढ़तियों ने की बैठक!!

रोहतक में अपनी मांगों के समर्थन में आढ़ती आंदोलित हैं। सोमवार की सुबह 11 बजे रोहतक अनाजमंडी में दुकान नंबर 47-बी के सामने शेड के नीचे अाढ़ती एकत्रित हुए। सरकार पर दमनकारी नीतियां लागू करने का आरोप लगाते हुए आढ़तियों ने नाराजगी जताई। कहा कि सरकार के उपेक्षात्मक रवैए के प्रति आढ़तियों के बीच आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सबने आंदोलन को समर्थन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि सरकार की आढ़त व्यवसाय के प्रति नीतियां आढ़त कारोबारियों के विरोध में हैं।

धरने की अध्यक्षता रोहतक अनाजमंडी प्रधान मुकेश बंसल ने की। आढ़तियों ने कहा कि सरकार आढ़तियों का हक मार रही है। जबकि आढ़ती आर्थिक नुकसान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त करने की हालत में नहीं हैं। इस मौके पर आढ़तियों ने कहा कि गेहूं पर आढ़ती का कमीशन 51 रुपए बनता है। जबकि सरकार मात्र 46 रुपए ही दे रही है। ऊपर से गेहूं और बाजरा की प्राइवेट खरीद पर भी ईनेम सिस्टम लागू करने का दबाव बना रही है। जो कि असंभव है। क्योंकि किसान के फसल की क्वालिटी अलग अलग होती है।

लिहाजा ऐसा कर पाना संभव नहीं है। अनाजमंडी एसोसिएशन के प्रधान मुकेश बंसल ने बताया कि मंगलवार को भी सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक अनाजमंडी परिसर में आढ़ती धरना देंगे। इसके बाद प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा जाएगा। इसके अलावा 21 सितंबर को करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास घेराव के बाबत रणनीति तय की जाएगी। कोशिश करीब 200 लोगों का काफिला लेकर करनाल जाने की है। धरने पर पूर्व प्रधान मनोज भाली, पूर्व प्रधान डिंपल, प्रमोद, मोहित पंघाल, शमशेर सिंह, देवेंद्र मौजूद रहे।

Exit mobile version