Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

स्नातक प्रथम वर्ष एडमिशन के लिए आवेदन 31 तक:कॉलेजों में बनाए कंप्यूटर सेल, जहां निशुल्क अप्लाई कर पाएंगे विद्यार्थी, 12वीं रिजल्ट आने के बाद बढ़ी संख्या

हरियाणा प्रदेश के कॉलेजों में स्नातक (यूजी) प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई है। 12वीं का रिजल्ट जारी होने व अंतिम तिथि नजदीक आने के चलते ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। इधर, कॉलेजों में भी कंप्यूटर सेल स्थापित किए गए हैं, जहां पर विद्यार्थी निशुल्क आवेदन अप्लाई करवा सकते हैं। विद्यार्थियों को केवल रजिस्ट्रेशन फीस 100 रुपए ही देनी होगी। अप्लाई करने के लिए कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा।

राजीव गांधी महिला महाविद्यालय के प्रिंसिपल तिरलोकचंद ने बताया कि इस बार कॉलेज में नए कोर्स भी शुरू किए गए हैं। जिनमें एमएससी मैथ के एडमिशन करवाए जा रहे हैं, जिसमें 40 सीटें हैं, वहीं बीए सिंगल मेजर इन ज्योग्रोफी की भी 40 सीटें दी गई है। इन सीटों पर भी नए सत्र के लिए एडमिशन करवाए जा रहे हैं।

कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) प्रथम वर्ष की ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया 7 मई से शुरू हो चुकी है। इस बार पूरी दाखिला प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होगी। जिसमें पंजीकरण से लेकर फीस जमा करने तक सभी चरण शामिल हैं। सीबीएसई और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी पहले के मुकाबले बढ़ी है। वहीं अब ऑनलाइन आवेदन के लिए विद्यार्थियों के पास केवल सप्ताहभर का समय बचा हुआ है और 31 मई तक ही ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।

राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय से एडमिशन नोडल अधिकारी प्रो. अनीता शर्मा ने बताया कि कॉलेज में छात्राओं के लिए कंप्यूटर सेल स्थापित की गई है। इसके अलावा हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। जिसमें शिक्षकों द्वारा छात्राओं व अभिभावकों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के अलावा महाविद्यालय में उपलब्ध कोर्स व प्रवेश संबंधी जानकारी दी जा रही है। हेल्प डेस्क के लिए 9 शिक्षकों की कमेटी गठित की है, जिसमें एक कन्वीनर व 8 सदस्य शामिल हैं। छात्राओं से कॉलेज में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 31 मई तक ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण किया जा सकेगा। आवेदन फॉर्म में सुधार (ओटीपी के जरिए) 1 जून तक किया जा सकेगा। सभी आवेदकों की सूची 2 जून को जारी की जाएगी, जिसमें संभावित आपत्तियां या त्रुटियां भी दर्शाई जाएंगी। कॉलेजों द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन और छात्रों द्वारा आपत्तियों का निवारण 9 मई से 6 जून तक किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची के लिए प्रारंभिक सूची 8 जून को जारी होगी।

पहली मेरिट लिस्ट (फेज-I) की प्रोविजनल सूची 10 जून को और फाइनल सूची 11 जून को जारी होगी। फीस जमा करने की अंतिम तिथि 12 जून से 15 जून तक रहेगी। दूसरी मेरिट लिस्ट (फेज-II) की प्रोविजनल सूची 16 जून और फाइनल सूची 17 जून को जारी की जाएगी। इसके लिए फीस 18 जून से 22 जून तक जमा की जा सकेगी।

तीसरे चरण में फिजिकल काउंसलिंग का प्रावधान है। खाली सीटों के लिए काउंसलिंग 24 जून को होगी। इसके बाद 25 जून को पोर्टल नए पंजीकरण या फॉर्म एडिट के लिए दोबारा खुलेगा। 26 जून से 2 जुलाई तक 100 रुपए लेट फीस के साथ और 3 जुलाई से 10 जुलाई तक प्रतिदिन अतिरिक्त 100 रुपए लेट फीस के साथ काउंसलिंग होगी।

Exit mobile version