हरियाणा के पानीपत में पाकिस्तानी जासूस पकड़े जाने के बाद कैथल जिले से भी पुलिस ने एक जासूस को पकड़ा है। 25 वर्षीय इस युवक के संबंध पाकिस्तान इंटेलिजेंस से पाए गए हैं। आरोपी ने हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला था, जिसके बाद वह पुलिस की नजर में आया।
उसने पुलिस पूछताछ में बताया है कि पाकिस्तान में धार्मिक यात्रा पर गया था। उसी दौरान उसे एक लड़की ने हनीट्रैप में फंसाया और जासूसी के लिए राजी कर लिया। पाकिस्तान में उसे जासूसी की ट्रेनिंग दी गई और मोटी रकम के साथ लड़कियां देने का लालच दिया गया। वह 5 ISI एजेंटों के संपर्क में था।
कैथल के गुहला थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी ने बताया है कि वह अब तक पटियाला कैंट क्षेत्र की जानकारी और फोटो ISI को भेज चुका है। इसका डेटा उसने मोबाइल से डिलीट कर दिया। पुलिस अब उसके बैंक खातों की जानकारी और डिलीट किया डेटा रिकवर करने की कोशिश कर रही है।
SP आस्था मोदी ने बताया कि आरोपी देवेंद्र ने 13 मई को फेसबुक पर अवैध हथियारों से संबंधित एक पोस्ट डाली थी, जिसके बाद उसे काबू कर पूछताछ की गई। देवेंद्र सिंह पटियाला के खालसा कॉलेज में MA फर्स्ट ईयर पॉलिटिकल साइंस का छात्र है।
पटियाला में ही वह किराये पर रह रहा था। जासूसी के बदले उसे मोटी रकम मिली होगी, इसलिए पुलिस उसके और उसके परिजनों के खाते की जानकारी निकाल रही है। वह मिडिल क्लास फैमिली का लड़का है। उसके माता-पिता और छोटी बहन है। बहन 12वीं की पढ़ाई कर रही है। पिता किसान हैं।
